चंडीगढ़, 29 अक्टूबर: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने समीक्षा तेज कर दी है। समीक्षा के दूसरे दिन आयोग के प्रतिनिधिमंडल ने जिला स्तर पर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया और राज्य के सभी 23 जिलों के अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया।
प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त पवन कुमार शर्मा, उप चुनाव आयुक्त भानु प्रकाश येतुरू, महानिदेशक (आईटी) सीमा खन्ना और महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल शामिल रहे। बैठक में सभी 23 जिला चुनाव अधिकारियों, पुलिस आयुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों ने अपने-अपने जिलों में चुनाव संबंधी तैयारियों की जानकारी साझा की।
आयोग के अधिकारियों ने चुनावी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखने, सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने और आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही, चुनाव पूर्व गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मजबूत व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि आगामी विधानसभा चुनावों से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरे किए जाएंगे। उन्होंने राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करने का भरोसा दिलाया।
