चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने दी जानकारी दी की पंजाब सरकार ने राज्य में बच्चों से भीख मंगवाने जैसी अमानवीय प्रवृत्ति पर लगाम कसने के लिए बड़ा कदम उठाया है। चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता के दौरान राज्य की सामाजिक सुरक्षा मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि सरकार की “जीवनज्योत 2.0” मुहिम के तहत अब तक 367 बच्चों को रेस्क्यू किया गया है। यह अभियान पिछले साल सितंबर से सक्रिय रूप से चल रहा है।
दो दिनों में 41 बच्चों को बचाया गया, 18 स्थानों पर छापेमारी
डॉ. कौर ने बताया कि इस अभियान की हालिया कार्रवाई में सिर्फ दो दिनों में 18 जगहों पर छापे मारे गए और 41 बच्चों को बचाया गया। यह कार्य चाइल्ड वेलफेयर कमेटी और पुलिस की मदद से किया गया। सभी बच्चों को आवश्यक देखरेख और सुरक्षा के लिए संबंधित विभागों के हवाले किया गया है।
बच्चों की पहचान के लिए DNA टेस्ट, न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन
यदि रेस्क्यू किए गए बच्चों के माता-पिता सामने नहीं आते, तो उनके DNA टेस्ट कराए जाते हैं। डॉ. कौर ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया में माननीय न्यायालयों और संस्थाओं के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है। अगर माता-पिता की पुष्टि नहीं होती, तो बच्चों को गोद लेने वाले केंद्रों में भेजा जाता है।
अब तक 150 अन्य राज्यों के बच्चे, 183 का दोबारा स्कूल में दाखिला
मंत्री ने जानकारी दी कि रेस्क्यू किए गए बच्चों में से 150 बच्चे अन्य राज्यों से थे, जिन्हें उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। वहीं, 183 बच्चों को फिर से स्कूलों से जोड़ा गया है। इसके अलावा, 13 छोटे बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्रों में भेजा गया है, जिससे उनकी प्रारंभिक शिक्षा सुनिश्चित की जा सके।
57 बच्चे अब भी लापता, जांच जारी
हालांकि डॉ. बलजीत कौर ने चिंता जताई कि ऐसे 57 बच्चे हैं जो पहले स्कूल में पढ़ते थे, लेकिन अब गायब हैं। फिलहाल उनकी तलाश जारी है और सरकार जांच में कोई ढील नहीं बरत रही।
दिव्यांग बच्चों को स्वास्थ्य बीमा योजना से जोड़ा गया
डॉ. कौर ने बताया कि इस अभियान के दौरान 17 दिव्यांग बच्चे मिले, जिन्हें राज्य स्वास्थ्य बीमा योजना से जोड़ा गया और उनका इलाज शुरू किया गया है। इसके अलावा, सरकार की हालिया घोषणा के अनुसार, इन बच्चों को 10 लाख रुपये की मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का भी लाभ मिलेगा।
1098 हेल्पलाइन और स्कूल निरीक्षण के ज़रिए निगरानी
सरकार की टीमें स्कूलों का दौरा कर रही हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बच्चों की पढ़ाई में कोई बाधा न आए। किसी भी अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई के लिए 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर सक्रिय है। साथ ही, डॉ. कौर ने बताया कि सरकार जल्द ही देशभर के बच्चों का डेटा भी इस अभियान में जोड़ेगी, जिससे क्रॉस-स्टेट ट्रैकिंग को और प्रभावी बनाया जा सके।
बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य है, जिसने बच्चों से भीख मंगवाने पर व्यवस्थित ढंग से रोक लगाने की दिशा में ठोस पहल की है। यह मुहिम गुरु की पवित्र धरती पर बच्चों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में एक ऐतिहासिक क़दम है।
