पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री की तबीयत बिगड़ने की खबर फैलते ही पूरे राज्य में चिंता का माहौल बन गया।
मनीष सिसोदिया ने बताया, पल्स रेट 44 पर आ गई थी
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया ने सीएम मान की स्थिति को लेकर बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने एक्स (Twitter) पर जारी वीडियो में बताया कि सीएम मान की पल्स रेट अचानक 44 तक गिर गई थी, जिसके बाद डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उन्हें अस्पताल में भर्ती करने का फैसला लिया।
Electrolyte Imbalance से खराब हुई हालत
सिसोदिया ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री मान पिछले दो दिनों से Electrolyte Imbalance की समस्या से जूझ रहे थे। 5 सितंबर की शाम को उनकी हालत और बिगड़ गई, जब पल्स रेट काफी नीचे चला गया। फिलहाल डॉक्टरों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पूरी तरह निगरानी जरूरी है। डॉक्टरों ने उन्हें 1–2 दिन और अस्पताल में रुकने की सलाह दी है।
बाढ़ राहत को लेकर चिंतित रहे मुख्यमंत्री
मनीष सिसोदिया ने यह भी बताया कि स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद मुख्यमंत्री मान पंजाब में आई बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों को लेकर लगातार चिंतित हैं। अस्पताल में रहते हुए भी उन्होंने अधिकारियों से राहत योजनाओं पर चर्चा की और आश्वासन दिया कि अगले कुछ दिनों में पुनर्वास और मुआवजे की योजना का ऐलान किया जाएगा।
हरपाल सिंह चीमा ने दी जानकारी
पंजाब सरकार में मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भी अस्पताल जाकर सीएम की तबीयत की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को पिछले 2–3 दिनों से स्वास्थ्य समस्या थी, जिसके चलते डॉक्टरों ने उन्हें और कुछ दिन अस्पताल में आराम करने की सलाह दी है। चीमा ने बताया कि मुख्यमंत्री लगातार यही कह रहे हैं कि “पंजाब के बीच रहो और लोगों की मदद करो।”
जनता में चिंता, जल्द स्वस्थ होने की कामना
मुख्यमंत्री मान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर से पंजाब की जनता और समर्थकों में चिंता है। लोग सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। सरकार का कहना है कि भगवंत मान जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने दायित्वों पर लौटेंगे और बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए बड़े फैसले लेंगे।
