पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि अब कांग्रेस “कुर्सियों के रेट” तय करने वाली पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता खुले तौर पर यह बता रहे हैं कि मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और यहां तक कि काउंसलर की कुर्सी भी कितने में बिकेगी। मान ने कहा कि यह सोच कांग्रेस की मानसिकता दिखाती है कि वे पंजाब की कुर्सियां और पंजाब की अर्थव्यवस्था तक को बेचने को तैयार हैं।
“पंजाबियों ने मुझे सेवक बनाया है” – CM मान
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की जनता ने उन्हें “सेवक” बनकर काम करने का मौका दिया है। वह राज्य में उद्योग और रोजगार फिर से बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। मान ने तंज कसते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति 500 करोड़ रुपये खर्च करके मुख्यमंत्री की कुर्सी खरीदता है, तो वह राज्य की सेवा नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा — “ऐसा व्यक्ति सत्ता में आते ही पहले 500 करोड़ वसूलने की कोशिश करेगा, जनता की सेवा नहीं करेगा।”
“कांग्रेस पंजाब का भला नहीं कर सकती”
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा जारी की गई कथित रेट लिस्ट ने यह साफ कर दिया है कि वे पंजाब का भला करने के बारे में सोचते ही नहीं।
उनके अनुसार, कांग्रेस हो या कोई और पुरानी राजनीतिक पार्टी — किसी के दिल में पंजाब या पंजाबियों के प्रति वास्तविक हमदर्दी नहीं है।
उन्होंने कहा कि ये नेता सत्ता में सिर्फ अपनी जेबें भरने आते हैं और पूरे पांच साल इसी काम में लगे रहते हैं।
“विक्री के लिए तैयार पार्टी बन चुकी है कांग्रेस”
मान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसी स्थिति में पहुंच गई है, जहां वह “पूरी तरह बिकाऊ” बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता विभागों तक के रेट तय कर रहे हैं कि कौन-सा सरकारी विभाग कितने में बेचा जा सकता है।
“मैं पंजाब की तरक्की के लिए काम कर रहा हूं”
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह दिल से चाहते हैं कि पंजाब के युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर अवसर मिलें और वे बाहर जाने के बजाय यहीं सफल हों। इसी उद्देश्य से वे देश और विदेश में जाकर निवेशक बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं, ताकि पंजाब के लिए नए मौके और नए उद्योग लाए जा सकें।
