आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने पंजाब सरकार की शिक्षा व्यवस्था में शुरू किए गए बिजनेस क्लास (Business Class) विषय को शिक्षा क्रांति की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री दिलाना नहीं, बल्कि उन्हें उद्यमिता की ओर प्रेरित करना और रोजगार देने वाला बनाना है।
95 हजार विद्यार्थियों ने शुरू किया काम
मनीष सिसोदिया ने बताया कि इस कार्यक्रम के पहले वर्ष में 95 हजार विद्यार्थियों ने अपने-अपने बिजनेस आइडिया पर काम शुरू किया है। इनमें से 20 हजार से अधिक बिजनेस आइडिया पहले ही सफल साबित हुए हैं और उन्होंने मिलकर करीब 90 करोड़ रुपये का राजस्व उत्पन्न किया है। उन्होंने इसे शिक्षा और उद्यमिता के क्षेत्र में एक सकारात्मक परिणाम बताया।
विद्यार्थियों से किया संवाद
सिसोदिया ने बताया कि उन्हें इस कार्यक्रम से जुड़े विद्यार्थियों, प्रोफेसरों और विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों (VCs) के साथ संवाद करने का अवसर मिला। उन्होंने छात्रों के नवाचार और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि युवा नई सोच और नए व्यवसायिक मॉडल के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
रोजगार देने वाले युवा तैयार करने पर जोर
मनीष सिसोदिया ने कहा कि आधुनिक शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाने वाले युवाओं को तैयार करना नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसे उद्यमी तैयार करना चाहिए जो दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की यह पहल विद्यार्थियों में नवाचार, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
