दिवाली से पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार ने प्रदेशवासियों को एक और बड़ी सौगात दी है। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने आज ऐलान किया कि अब पंजाब में सभी सरकारी सेवाएं Connect पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध होंगी।
सेवाओं की संख्या हुई दोगुनी
मंत्री अमन अरोड़ा ने बताया कि पहले प्रदेश में 236 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध थीं। अब यह संख्या बढ़ाकर 848 सेवाओं तक कर दी जाएगी। इसका मतलब है कि लोग अब बिना किसी कागजी झंझट के अपने काम घर बैठे ही आसानी से कर सकेंगे।
राइट टू सर्विस एक्ट के तहत सुविधा
अरोड़ा ने बताया कि राइट टू सर्विस एक्ट के तहत आने वाली सभी सेवाएं अब Connect पोर्टल पर उपलब्ध होंगी। इसके तहत लोग सेवा केंद्र, वॉट्सऐप, वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से भी इन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
कागजी प्रक्रिया होगी पूरी तरह खत्म
मंत्री ने कहा कि एक बार कोई दस्तावेज जमा कर देने के बाद भविष्य में उसे दोबारा दिखाने की जरूरत नहीं होगी। इसका मतलब है कि अब सेवाएं पूरी तरह पेपरलेस और आसान होंगी।
सरकार ने निजी कंपनी के साथ किया करार
अरोड़ा ने बताया कि सरकार ने एक निजी कंपनी के साथ 5 साल का करार किया है, जिसके तहत यह सभी सुधार लागू किए जा रहे हैं। इससे नागरिकों की सरकारी सेवाओं तक पहुँच अब और भी तेज और पारदर्शी हो जाएगी।
यह पहल पंजाब सरकार की डिजिटल इंडिया की दिशा में एक बड़ी कदम है। अब प्रदेश के नागरिक अपनी सरकारी सेवाओं का लाभ घर बैठे, बिना झंझट के और सुरक्षित तरीके से उठा सकेंगे।
