पंजाबी संगीत जगत के मशहूर गायक राजवीर जवंदा को आज भावभीनी अंतिम विदाई दी गई। उनके अंतिम संस्कार के बाद आज सुबह कीरतपुर साहिब में उनकी अस्थियां जल प्रवाहित की गईं। परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में यह रस्म गुरुद्वारा पातालपुरी साहिब के पास सतलुज नदी में संपन्न हुई।
गांव पोनां में हुआ था अंतिम संस्कार
गौरतलब है कि राजवीर जवंदा का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव पोनां (जगरांव, लुधियाना) में बीते दिन पूरे सम्मान के साथ किया गया था। आज सुबह उनके परिजनों ने अस्थि संग्रह की रस्म निभाई और बाद में उन्हें कीरतपुर साहिब लाकर जल में प्रवाहित किया गया। पूरे माहौल में भावनात्मक शांति और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।
सड़क हादसे में हुई थी दुखद मौत
27 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक सड़क हादसे में राजवीर जवंदा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वह मोटरसाइकिल से शिमला जा रहे थे, तभी रास्ते में अचानक कुछ पशुओं से टक्कर हो गई।
हादसे में उनके सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 11 दिन तक उनका इलाज चला।
हालांकि डॉक्टरों की पूरी कोशिशों के बावजूद, 8 अक्टूबर सुबह 10:55 बजे अस्पताल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उनकी मृत्यु मल्टी-ऑर्गन फेल्योर के कारण हुई।
