पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई’ योजना, 30.48 लाख परिवारों तक पहुंचीं राशन किटें
पंजाब सरकार ने जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक पोषण से भरपूर खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे ‘मेरी रसोई’ अभियान को और तेज कर दिया है। सरकार के अनुसार अब तक राज्य के करीब 30.48 लाख परिवारों को राशन किटें वितरित की जा चुकी हैं। इस योजना का लक्ष्य हर तीन महीने में 40.48 लाख पात्र परिवारों तक राशन किट पहुंचाना है, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार आवश्यक खाद्य सामग्री से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री और खाद्य मंत्री की निगरानी में अभियान
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक्क की निगरानी में इस योजना को मिशन मोड में लागू किया जा रहा है। सरकार का कहना है कि राशन किटों का वितरण पूरे राज्य में तेजी से किया जा रहा है और संबंधित विभाग लगातार इसकी निगरानी कर रहे हैं, ताकि लाभ समय पर पात्र परिवारों तक पहुंचे।
राशन किट में क्या-क्या मिल रहा है
‘मेरी रसोई’ योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को एक विशेष राशन किट दी जा रही है। इसमें 2 किलो दाल, 2 किलो चीनी, 1 किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर और 1 लीटर सरसों का तेल शामिल है। यह राशन किट राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA), 2013 के तहत पहले से मिलने वाले गेहूं के अतिरिक्त दी जा रही है। योजना का उद्देश्य केवल अनाज ही नहीं, बल्कि परिवारों को प्रोटीन, खाद्य तेल और जरूरी मसाले भी उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें संतुलित और पौष्टिक भोजन मिल सके।
मार्कफेड और विभाग की अहम भूमिका
सरकार के अनुसार राशन किटों की खरीद और पैकेजिंग का कार्य मार्कफेड द्वारा किया जा रहा है, जबकि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग पूरे राज्य में इनके वितरण और निगरानी की जिम्मेदारी संभाल रहा है। जिला प्रशासन और स्थानीय अधिकारी भी इस अभियान को सफल बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
इन जिलों में सबसे ज्यादा राशन किटें वितरित
अब तक के आंकड़ों के अनुसार लुधियाना में सबसे अधिक 3,44,427 राशन किटें वितरित की गई हैं। इसके बाद पटियाला में 2,24,447, अमृतसर में 2,08,073, बठिंडा में 1,90,800, जालंधर में 1,69,223 और गुरदासपुर में 1,68,880 परिवारों को लाभ मिला है। इसके अलावा फाजिल्का, संगरूर, होशियारपुर, तरनतारन, श्री मुक्तसर साहिब, फिरोजपुर, मोगा, मानसा, कपूरथला, फतेहगढ़ साहिब, फरीदकोट, एसएएस नगर, पठानकोट, रूपनगर, बरनाला, मलेरकोटला और शहीद भगत सिंह नगर में भी बड़ी संख्या में राशन किटें वितरित की गई हैं।
पारदर्शी व्यवस्था पर सरकार का जोर
सरकार का कहना है कि पूरी वितरण प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और प्रत्येक पात्र परिवार तक स्वच्छ एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री समय पर पहुंच सके। इस योजना के जरिए सरकार खाद्य सुरक्षा के साथ-साथ पोषण को भी मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है।
