‘नशों के खिलाफ युद्ध’ के 138वें दिन पंजाब पुलिस ने पकड़े 113 तस्कर, भारी मात्रा में नशा बरामद
पंजाब में नशे के खिलाफ छेड़े गए ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के 138वें दिन भी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। राज्यभर में चलाए गए इस विशेष ऑपरेशन के तहत पंजाब पुलिस ने 113 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से 1.5 किलो हेरोइन, 5 किलो अफीम और 31,237 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं।
इस अभियान की जानकारी देते हुए स्पेशल डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अरपित शुक्ला ने बताया कि अब तक कुल 22,377 नशा तस्करों को इस मुहिम के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका है। शनिवार को चलाए गए इस बड़े अभियान में 93 गजटेड अधिकारियों की निगरानी में 1300 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की 180 से अधिक टीमों ने राज्य भर के 433 स्थानों पर छापेमारी की।
पुलिस ने इस दौरान 81 एफआईआर दर्ज कीं और 483 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग भी हाथ लगे हैं, जिनकी मदद से आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य सिर्फ नशा तस्करों को पकड़ना नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में फंसे लोगों को दोबारा मुख्यधारा में लाना भी है।
पुलिस ने बताया कि अभियान के तहत अब तक 90 ऐसे लोगों को भी चिन्हित किया गया है, जो नशे के आदी थे। उन्हें इलाज और पुनर्वास के लिए राज़ी किया गया है, ताकि वे एक नई जिंदगी शुरू कर सकें।
पंजाब सरकार और पुलिस की यह पहल नशा मुक्त राज्य की दिशा में एक सख्त और ज़िम्मेदार कदम है। नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने और युवाओं को सुरक्षित भविष्य देने के लिए यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि नशा तस्करी या इसके इस्तेमाल की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
