मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दृढ़ संकल्प और डीजीपी गौरव यादव के नेतृत्व में साल 2025 के दौरान पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर कल्चर के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के गठन के बाद 6 अप्रैल 2022 से 25 दिसंबर 2025 तक कुल 2,653 गैंगस्टरों और बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 30 कुख्यात गैंगस्टर मुठभेड़ों में मारे गए और 1,013 आपराधिक मॉड्यूल पूरी तरह ध्वस्त किए गए। पुलिस ने अपराधों में इस्तेमाल होने वाले 2,145 हथियार और 598 वाहन भी जब्त किए, जिससे आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा।
सीमा और आतंकवाद पर कड़ा पहरा
पाकिस्तान से लगती 553 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा और जम्मू-कश्मीर से सटे होने के कारण पंजाब सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील राज्य है। काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने वर्ष 2025 में आतंकवादी और खालिस्तान समर्थित नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान कई आतंकी मुठभेड़ों में मारे गए, अनेक गिरफ्तार हुए और विदेश से संचालित साजिशों को समय रहते नाकाम किया गया। सीमा सुरक्षा बल के साथ संयुक्त अभियानों में 307 ड्रोन बरामद किए गए, जिससे ड्रग्स और हथियारों की तस्करी पर बड़ा प्रहार हुआ।
नशे के खिलाफ ऐतिहासिक अभियान
‘नशों के खिलाफ जंग’ अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने 2025 में रिकॉर्ड 41,517 तस्करों को गिरफ्तार किया। NDPS मामलों में 28,485 एफआईआर दर्ज हुईं और 1,819 किलो से अधिक हेरोइन के साथ करोड़ों रुपये की ड्रग मनी जब्त की गई। अदालतों में तेज और वैज्ञानिक जांच के चलते नशा मामलों में 88 प्रतिशत तक सजा दर दर्ज की गई, जो देश में सबसे अधिक मानी जा रही है। बड़े ड्रग माफिया और उनकी अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई की गई।
जेलों और विदेशी नेटवर्क पर नकेल
जेलों से संचालित अपराध पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने 1,156 मोबाइल नंबर ब्लॉक किए और 2,861 IMEI नंबर ब्लैकलिस्ट किए। विदेश में बैठे गैंगस्टरों और आतंकियों के स्थानीय संपर्कों की पहचान कर हजारों लोगों का सत्यापन किया गया। रेड कॉर्नर नोटिस और प्रत्यर्पण की कार्रवाई से फरार अपराधियों को भी कानून के शिकंजे में लाया गया।
शांति और भरोसे का साल
कुल मिलाकर साल 2025 पंजाब पुलिस के लिए उपलब्धियों से भरा रहा। आतंक, गैंगस्टर और नशे के खिलाफ सख्त लेकिन सुनियोजित कार्रवाई से राज्य में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनी रही। पुलिस की सक्रियता और जनता के सहयोग से पंजाब ने एक सुरक्षित और मजबूत भविष्य की ओर कदम बढ़ाया।
