पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए छात्रों को राहत देते हुए कक्षा 8वीं, 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के लिए दाखिले और रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब छात्र 1 अगस्त 2025 तक दाखिला ले सकते हैं। पहले अंतिम तारीख 15 जुलाई तय की गई थी।
नया रजिस्ट्रेशन शेड्यूल
बोर्ड ने नया शेड्यूल जारी करते हुए बताया कि बिना किसी लेट फीस के छात्र अब 28 जुलाई से 6 अगस्त तक रजिस्ट्रेशन या कंटीन्यूअेशन करवा सकते हैं।
इसके बाद, जो छात्र तय समय में रजिस्ट्रेशन नहीं करवा पाएंगे, वे लेट फीस के साथ 7 अगस्त से 9 सितंबर 2025 तक रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
कहां मिलेगा शेड्यूल?
बोर्ड ने यह भी जानकारी दी कि पूरा रजिस्ट्रेशन शेड्यूल और इससे जुड़ी सभी जरूरी हिदायतें स्कूलों की लॉगइन आईडी पर और बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई हैं।
बोर्ड चेयरमैन ने क्या कहा?
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह ने कहा कि इस बार का शेड्यूल तय करते समय यह कोशिश की गई है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित ना रह जाए। उन्होंने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे छात्रों की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया समय पर पूरी करवाएं और तय शेड्यूल का पालन करें।
समय से बाहर नहीं मिलेगा मौका
डॉ. अमरपाल सिंह ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के बाद रजिस्ट्रेशन की कोई और तारीख नहीं दी जाएगी। अगर कोई छात्र किसी कारणवश रजिस्ट्रेशन या फाइनल सबमिशन नहीं करवा पाता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित स्कूल प्रमुख की होगी।
इसका मतलब यह है कि स्कूलों को पूरी सावधानी से काम करना होगा ताकि कोई भी छात्र छूट न जाए। यदि किसी छात्र की ऑनलाइन एंट्री या रजिस्ट्रेशन तय तारीख के बाद नहीं होता, तो उसे दोबारा मौका नहीं मिलेगा।
PSEB द्वारा रजिस्ट्रेशन की तारीख बढ़ाना उन छात्रों के लिए राहत की खबर है जो किसी कारणवश पहले रजिस्ट्रेशन नहीं करवा सके थे। लेकिन बोर्ड ने यह भी साफ कर दिया है कि अब यह अंतिम मौका है, और इसके बाद किसी को भी एक्सटेंशन नहीं मिलेगा। इसलिए सभी स्कूल और छात्र समय पर कार्रवाई करें और शिक्षा की इस प्रक्रिया को पूरा करें।
