328 पवित्र सरूप मामले को लेकर पंजाब की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के जनरल सेक्रेटरी और मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने इस केस से जुड़े कई अहम सवाल उठाते हुए SGPC की भूमिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि SGPC, आरोपी सीए सतिंदर सिंह कोहली को बचाने की कोशिश कर रही है, जो बेहद चिंताजनक है।
SGPC के वकील कोहली की तरफ से क्यों पेश हुए?
बलतेज पन्नू ने सवाल किया कि जब सतिंदर सिंह कोहली को गिरफ्तार किया गया, तो SGPC के वकील अदालत में कोहली के वकील के तौर पर क्यों पेश हुए? उन्होंने इसे संस्थागत दखल करार देते हुए कहा कि यह पूरी जांच को प्रभावित करने की कोशिश हो सकती है। पन्नू के मुताबिक, जैसे ही कोहली का नाम इस मामले में नामजद हुआ, SGPC ने एक हफ्ते के भीतर अपना पहले का प्रस्ताव बदल दिया, जो कई संदेह पैदा करता है।
SIT से सहयोग करने की अपील
AAP नेता ने SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी से अपील की कि वे इस मामले की जांच कर रही SIT को पूरा सहयोग दें, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि अगर SGPC का इस केस से कोई लेना-देना नहीं है, तो उसे जांच में सहयोग करने से पीछे नहीं हटना चाहिए।
एक परिवार के इर्द-गिर्द घूम रहा है मामला?
बलतेज पन्नू ने दावा किया कि जिस होटल से सतिंदर सिंह कोहली की गिरफ्तारी हुई, वहां एक कमरा बादल परिवार से जुड़े एक निजी टीवी चैनल के पत्रकार के नाम पर बुक था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस केस के कई एंगल एक ही प्रभावशाली परिवार के आसपास घूमते नजर आ रहे हैं।
गुरबानी प्रसारण को लेकर भी आरोप
AAP नेता ने यह भी कहा कि एक परिवार के बिजनेस हितों को बचाने के लिए दूसरे चैनलों पर गुरबानी का प्रसारण रोका जा रहा है। उन्होंने इसे धार्मिक भावनाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया।
निष्पक्ष जांच की मांग
पन्नू ने अंत में कहा कि 328 सरूप मामला बेहद संवेदनशील है और इसमें बिना दबाव और निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है, ताकि दोषियों को सजा मिले और सच्चाई सामने आ सके।
