पंजाब पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश और बाढ़ की मार झेल रहा है। हालात अभी भी सामान्य नहीं हुए हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लोगों को फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही।
दो जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 11 में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, आज (3 सितंबर) पठानकोट और गुरदासपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, संगरूर और मोहाली जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इन इलाकों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
भारी बारिश की संभावना वाले इलाके
मौसम विभाग की ताज़ा जानकारी के मुताबिक, आज बर्नाला, मलेरकोटला, नाभा, राजपुरा, फतेहगढ़ साहिब, खन्ना, पायल, लुधियाना (पूर्वी और पश्चिमी), समराला, मोगा, शाहकोट, निहाल सिंहवाला, जगराओं, फगवाड़ा, नकौदर और कपूरथला सहित कई क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका है।
4 से 6 सितंबर तक कोई अलर्ट नहीं
हालांकि, मौसम विभाग ने 4, 5 और 6 सितंबर को लेकर कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है। लेकिन हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
बीते दिन की बारिश और अलर्ट की स्थिति
सोमवार को मौसम विभाग ने पंजाब के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। इनमें पठानकोट, होशियारपुर, कपूरथला, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और लुधियाना शामिल थे। बाकी जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया था।
कई जिलों में दर्ज हुई बारिश
पंजाब के अधिकतर हिस्सों में बीते दिन भी बारिश दर्ज की गई। अमृतसर में 1 मिमी, लुधियाना में 0.2 मिमी, पटियाला में 1 मिमी, फरीदकोट में 4 मिमी, होशियारपुर में 1.5 मिमी, मानसा में 4 मिमी, पठानकोट में 14 मिमी और थीन डैम (पठानकोट) में 12.5 मिमी बारिश हुई। वहीं, भाखड़ा डैम (रूपनगर) में 10.5 मिमी, मोहाली में 0.5 मिमी, श्री आनंदपुर साहिब में 10.5 मिमी और बलाचौर (शहीद भगत सिंह नगर) में 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। चंडीगढ़ में भी 2.2 मिमी बारिश हुई।
