सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी 12 जुलाई को शेयर बाजार में दिनभर उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 368.49 अंक (0.46%) गिरकर 80,235.59 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 13 में तेजी रही जबकि 17 में गिरावट आई। Maruti, Tech Mahindra और M&M के शेयर बढ़त में रहे, वहीं Bajaj Finance, Trent और Hindustan Unilever में गिरावट दर्ज हुई।
निफ्टी भी 97.65 अंक (0.40%) फिसलकर 24,487.40 पर बंद हुआ। बैंक निफ्टी में बड़ी गिरावट रही और यह 467.05 अंक टूटकर 55,043 पर आ गया। निफ्टी के 50 शेयरों में से 30 बढ़े जबकि 20 में कमजोरी आई।
सेक्टोरल इंडेक्स का हाल
एनएसई के रियल्टी, बैंकिंग, हेल्थकेयर और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में गिरावट देखी गई। हालांकि, मीडिया, आईटी, ऑटो, मेटल और फार्मा सेक्टर के शेयरों में तेजी रही। यह दर्शाता है कि निवेशकों का रुझान चुनिंदा सेक्टर्स की ओर बना हुआ है।
एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख
एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार रहा। जापान का निक्केई 2.46% चढ़कर 42,849 पर पहुंच गया, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.37% की बढ़त के साथ 3,218 पर रहा। हांगकांग का हैंग सेंग 0.030% बढ़कर 24,914 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.51% चढ़कर 3,666 पर कारोबार कर रहा था।
अमेरिकी बाजारों में गिरावट
11 अगस्त को अमेरिकी बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। डॉव जोन्स 0.45% गिरकर 43,975 पर, नैस्डैक कंपोजिट 0.30% फिसलकर 21,385 पर और एस एंड पी 500 0.25% घटकर 6,373 पर बंद हुआ। विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक बाजारों में निवेशक आर्थिक आंकड़ों और भू-राजनीतिक घटनाओं पर नजर बनाए हुए हैं।
निवेशकों में सतर्क रुख
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार टैरिफ को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। निवेशक अमेरिकी CPI डेटा और 15 अगस्त को होने वाली अमेरिका-रूस वार्ता से पहले ‘वेट एंड वॉच’ की स्थिति में हैं।
रुपया और क्रूड ऑयल में हलचल
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 87.70 पर खुला और दिन में 87.65 तक पहुंचा, जो पिछले बंद से 10 पैसे की मजबूती दर्शाता है। सोमवार को रुपया 87.75 पर बंद हुआ था।
वहीं, ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 0.33% बढ़कर 66.85 डॉलर प्रति बैरल हो गया। डॉलर इंडेक्स 0.03% घटकर 98.49 पर आ गया।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली
स्टॉक मार्केट के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने सोमवार को 1,202.65 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और वैश्विक अनिश्चितताओं के चलते निकट भविष्य में बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
