पंजाब क्रिकेट को नई पहचान देने और राज्य के युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग की आधिकारिक शुरुआत न्यू चंडीगढ़ स्थित पीसीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में की गई। यह टूर्नामेंट 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक खेला जाएगा। लॉन्च कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, पीसीए के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर और अध्यक्ष अमरजीत सिंह महिता मौजूद रहे। इस दौरान टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो भी जारी किया गया।
छह टीमें खेलेंगी 27 रोमांचक मुकाबले
शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता राउंड-रॉबिन प्रारूप में खेली जाएगी, जिसमें कुल 27 मुकाबले होंगे। हर टीम में एक मार्की खिलाड़ी और कम से कम दो आइकन खिलाड़ी शामिल होंगे। इससे अंतरराष्ट्रीय, घरेलू और उभरते युवा खिलाड़ियों को एक ही मंच पर खेलने का अवसर मिलेगा। लीग का मुख्य उद्देश्य पंजाब के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को पेशेवर क्रिकेट का अनुभव देना है।
शुभमन गिल ने युवाओं का बढ़ाया उत्साह
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि यह लीग पंजाब के युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार अवसर है। उन्होंने कहा कि पंजाब ने हमेशा देश को बेहतरीन क्रिकेटर दिए हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि इस प्रतियोगिता से कई नए सितारे सामने आएंगे। उन्होंने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की इस पहल की सराहना करते हुए लीग की सफलता की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री की पहल से मिला नया मंच
पीसीए के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस लीग का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को ऐसा मंच देना है, जहां वे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलकर अपने खेल को और बेहतर बना सकें। उन्होंने कहा कि पंजाब ने लाला अमरनाथ, युवराज सिंह, शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और हरमनप्रीत कौर जैसे कई बड़े खिलाड़ी देश को दिए हैं और राज्य में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह लीग देश की प्रमुख घरेलू टी-20 प्रतियोगिताओं में अपनी अलग पहचान बनाएगी।
खिलाड़ियों को मिलेगा नया अनुभव
पीसीए अध्यक्ष अमरजीत सिंह महिता ने कहा कि इस लीग के जरिए युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने और बड़े मुकाबलों में खेलने का मौका मिलेगा। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और उनके क्रिकेट करियर को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल पंजाब के क्रिकेट ढांचे को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
9 अगस्त को होगी खिलाड़ियों की नीलामी
शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 9 अगस्त को आयोजित की जाएगी। इसमें अमृतसर, फाजिल्का, जालंधर, लुधियाना, मोहाली और बठिंडा की छह फ्रेंचाइजी अपनी-अपनी टीमों का चयन करेंगी। प्रत्येक टीम अधिकतम 45 लाख रुपये के बजट में 20 खिलाड़ियों को शामिल कर सकेगी। मार्की खिलाड़ी की कीमत 10 लाख रुपये तय की गई है, जबकि आइकन खिलाड़ी की बेस कीमत 1.50 लाख रुपये होगी। इसके अलावा पंजाब के फर्स्ट क्लास, अंडर-23, अंडर-19 और जिला स्तर के खिलाड़ियों के लिए भी अलग-अलग बेस प्राइस निर्धारित किए गए हैं।
