भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर हाल ही में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान बुरी तरह घायल हो गए थे।
मैच के दौरान एलेक्स कैरी का कैच पकड़ते वक्त अय्यर संतुलन खो बैठे और जोर से जमीन पर गिर पड़े। इस हादसे में उनकी पसली और प्लीहा (Spleen) में चोट लग गई। उन्हें तुरंत सिडनी के एक अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया।
सूर्यकुमार यादव ने दी हेल्थ अपडेट
भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में अय्यर की सेहत को लेकर बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि “श्रेयस अब स्थिर हैं और खतरे से बाहर हैं। पहले दिन स्थिति थोड़ी चिंताजनक थी, लेकिन अब वे ठीक हैं और मैसेज का जवाब भी दे रहे हैं।”
सूर्यकुमार ने बताया कि डॉक्टर उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं और अगले कुछ दिनों तक उन्हें अस्पताल में ही रहना होगा।
ICU से बाहर आए अय्यर
BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भी अय्यर की सेहत पर अपडेट देते हुए कहा कि उन्हें ICU से बाहर निकालकर प्राइवेट रूम में शिफ्ट कर दिया गया है। डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर रख रहे हैं और वे तेजी से रिकवरी कर रहे हैं।
चोट कितनी गंभीर थी?
शुरुआत में लगा था कि अय्यर को पसलियों में हल्की चोट लगी है, लेकिन जांच में पता चला कि उनकी प्लीहा (Spleen) में चोट आई है।
प्लीहा शरीर का वह हिस्सा है जो खून को फिल्टर करता है और इंफेक्शन से बचाता है। इसमें बहुत सारी रक्त वाहिकाएं होती हैं, इसलिए इस पर चोट लगना खतरनाक हो सकता है।
ICU में क्यों रखा गया?
प्लीहा में चोट लगने पर आंतरिक रक्तस्राव (Internal bleeding) का खतरा रहता है। इसलिए डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर उन्हें ICU में रखा, ताकि शुरुआती 48 घंटे तक पूरी निगरानी की जा सके।
खुशखबरी यह रही कि उनकी चोट “self-contained” थी — यानी अंदरूनी खून बहाव सीमित था, इसलिए सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ी।
कब लौटेंगे मैदान पर?
डॉक्टरों के अनुसार, प्लीहा की ऐसी चोट से पूरी तरह ठीक होने में 6 से 12 हफ्ते तक लग सकते हैं।
इस दौरान श्रेयस को किसी भी फिजिकल एक्टिविटी, एक्सरसाइज या टकराव से बचना होगा।
संभावना है कि वे करीब तीन महीने तक क्रिकेट से दूर रहेंगे और फिर धीरे-धीरे ट्रेनिंग शुरू करेंगे।
