आम घरों के बेटे-बेटियां सरकार का हिस्सा बनकर कर रहे पंजाब की तरक्की: CM मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को चंडीगढ़ में पंजाब के अलग-अलग जिलों के जिला परिषद अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के साथ अहम बैठक की। बैठक में विभिन्न इलाकों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और स्थानीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं पर चर्चा की गई।
समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा
बैठक के दौरान जिला परिषदों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे। CM मान ने उनकी समस्याओं को सुना और जल्द समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को लोगों से जुड़े विकास कार्यों को जिम्मेदारी और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
‘आम घरों के बच्चे आज सरकार का हिस्सा’
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व की बात है कि आम परिवारों से आने वाले बेटे-बेटियां आज सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा बनकर पंजाब की तरक्की में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने स्थानीय प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों के लोगों के साथ लगातार संपर्क में रहने और उनकी जरूरतों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
वेलफेयर बोर्डों के पदाधिकारियों से भी बैठक
इसके अलावा CM मान ने राज्य के विभिन्न वेलफेयर बोर्डों के चेयरमैन, सीनियर वाइस चेयरमैन और स्टेट सदस्यों के साथ भी बैठक की। इस दौरान अलग-अलग वर्गों की भलाई, विकास और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
हर वर्ग के विकास को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के हर वर्ग की तरक्की और कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने वेलफेयर बोर्डों के पदाधिकारियों से भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने और लोगों के हित में प्रभावी ढंग से काम करने की अपील की।
