Election Commission of India ने पंजाब समेत 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में Special Intensive Revision (SIR) Phase-III शुरू करने का ऐलान किया है। इस अभियान का उद्देश्य वोटर लिस्ट को पूरी तरह अपडेट और त्रुटिरहित बनाना है। चुनाव आयोग के अनुसार, पंजाब में यह प्रक्रिया जून 2026 के अंत से शुरू होगी।
25 जून से घर-घर जाएंगे BLO
चुनाव आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक, पंजाब में 15 जून से 24 जून तक तैयारी, प्रशिक्षण और दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक Booth Level Officers (BLOs) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान वोटरों की जानकारी, पता और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जाएगी।
31 जुलाई को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
SIR प्रक्रिया के तहत पंजाब की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 31 जुलाई 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त तक लोग अपने दावे और आपत्तियां दर्ज कर सकेंगे। यदि किसी वोटर का नाम गलत हो, छूट गया हो या किसी अन्य तरह की त्रुटि हो, तो उसे सुधारने का मौका मिलेगा।
1 अक्टूबर को आएगी अंतिम वोटर लिस्ट
चुनाव आयोग के अनुसार, पंजाब की अंतिम वोटर लिस्ट 1 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। आयोग का कहना है कि यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से करवाई जाएगी और इसमें राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की भी भागीदारी रहेगी।
2 करोड़ से ज्यादा वोटरों का होगा सत्यापन
आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में करीब 2.14 करोड़ मतदाता हैं। इस अभियान के लिए 24 हजार से ज्यादा BLO तैनात किए जाएंगे। चुनाव आयोग ने लोगों से अपील की है कि वे सत्यापन प्रक्रिया में पूरा सहयोग करें और सही दस्तावेज उपलब्ध करवाएं, ताकि वोटर लिस्ट पूरी तरह सटीक बनाई जा सके।
