बटाला में CM भगवंत मान का बड़ा संदेश, “विदेश विदेश जाने के बजाय, मिलकर बनाएंगे रंगला पंजाब”
CM Bhagwant Mann ने बटाला स्थित सचखंड नानक धाम (दर्शन दरबार) में आयोजित नशा-विरोधी जागरूकता कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम संत त्रिलोचन दास जी महाराज के 38वें ‘गुरु गद्दी दिवस’ को समर्पित था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
युवाओं से पंजाब में ही भविष्य बनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब सरकार राज्य से नशे का पूरी तरह खात्मा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से विदेश जाने के बजाय पंजाब में ही रहकर मेहनत करने और खुशहाल “रंगला पंजाब” बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब भाईचारे और प्रेम की धरती है, जहां सभी धर्मों और त्योहारों को मिलजुल कर मनाया जाता है।
नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानून
भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार ने नशे के खिलाफ ऐतिहासिक कानून बनाया है। इस कानून के तहत दोषियों को बिना जमानत आजीवन कारावास और 50 लाख रुपये तक के जुर्माने जैसी सख्त सजा का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है।
सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
CM मान ने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों के टैक्स के पैसे को जनता की भलाई पर खर्च करना है। उन्होंने ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ और ‘CM सेहत योजना’ का जिक्र करते हुए बताया कि इन योजनाओं के जरिए परिवारों को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य की तरक्की और लोगों की भलाई के लिए लगातार काम कर रही है।
