बिग बॉस 19 का घर एक बार फिर विवादों से गूंज उठा है। वीकेंड का वार एपिसोड के बाद माहौल शांत होने के बजाय और ज्यादा बिगड़ गया। इस बार झगड़े की वजह बना घर का सबसे मीठा डेजर्ट — हलवा। कंटेस्टेंट नेहल और बसीर अली के बीच हुई तीखी बहस ने देखते-देखते धक्का-मुक्की का रूप ले लिया।
हलवे से शुरू हुई बहस
शो के लेटेस्ट प्रोमो वीडियो में दिखाया गया कि बसीर अली अपने लिए एक कटोरी भरकर हलवा फ्रिज में छुपा देते हैं। जब नेहल और कुनिका इसे देखते हैं तो चौंक जाती हैं। नेहल घर की कैप्टन फरहाना से कहती हैं कि जितना हलवा तान्या के लिए रखा गया है, उतना ही बसीर ने अपने लिए अलग से रख लिया है।
बसीर की सफाई और नेहल का गुस्सा
नेहल की बात सुनकर बसीर तिलमिला जाते हैं। वो गुस्से में कहते हैं, “मैं अभी निकालकर दे देता हूं, इसमें कोई मरने वाली बात तो नहीं है।” यह टिप्पणी नेहल को नागवार गुजरती है। वह पलटकर जवाब देती हैं, “क्या मतलब है तुम्हारा कि मर रही है? तू मर।” इस बात से बसीर का गुस्सा और बढ़ जाता है।
तकरार से धक्का-मुक्की तक
बसीर नेहल पर चिल्लाते हुए कहते हैं, “बकवास मत कर, चुप कर।” जवाब में नेहल भी जोर से कहती हैं, “तू चोर है।” धीरे-धीरे यह तकरार इतनी बढ़ जाती है कि दोनों एक-दूसरे पर चार्ज करने लगते हैं। नौबत धक्का-मुक्की तक पहुंच जाती है और बाकी घरवालों को बीच-बचाव करना पड़ता है।
फैंस में बढ़ी उत्सुकता
इस झगड़े को देखकर फैंस भी हैरान हैं। सोशल मीडिया पर दर्शक चर्चा कर रहे हैं कि हलवे जैसी छोटी-सी चीज़ को लेकर इतना बड़ा विवाद कैसे हो सकता है। अब सभी को एपिसोड के टेलीकास्ट का बेसब्री से इंतजार है, ताकि पूरी लड़ाई का सच सामने आ सके।
नेहल का बसीर पर लगातार निशाना
गौरतलब है कि नेहल हाल ही में सीक्रेट रूम से वापसी कर चुकी हैं। तब से ही वह लगातार बसीर अली को टारगेट कर रही हैं। यही वजह है कि दोनों के बीच टकराव अक्सर देखने को मिलता है।
