चंडीगढ़, 12 नवंबर। पंजाब सरकार स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के सम्मान, कल्याण और सुविधाओं को लेकर गंभीर है। इसी दिशा में पंजाब के रक्षा सेवाएं कल्याण, स्वतंत्रता सेनानी एवं बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने बुधवार को स्वतंत्रता सेनानी कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान विभाग की विशेष मुख्य सचिव राजी पी. श्रीवास्तव ने कैबिनेट मंत्री को स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के कल्याण से संबंधित विभिन्न मुद्दों, मौजूदा व्यवस्थाओं और लंबित मामलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर मंत्री मोहिंदर भगत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। ऐसे में उनके परिवारों का सम्मान और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए।
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं और कल्याणकारी लाभों को प्राप्त करने में किसी भी परिवार को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मोहिंदर भगत ने बैठक में विचार-विमर्श किए गए मामलों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संबंधित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों के कल्याण और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उन्हें सरकारी सुविधाओं और योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
