पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा प्रदेशवासियों को उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया गया है। इसके तहत सीमावर्ती जिला गुरदासपुर के जिला अस्पताल बबरी और माता सुलक्षणी सिविल अस्पताल बटाला में हार्ट अटैक के दौरान लगाए जाने वाले ज़िंदगी बचाने वाले इंजेक्शन अब पूरी तरह मुफ़्त उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
एक महीने में 7 मरीजों की बचाई गई जान
इस सुविधा की शुरुआत के बाद बीते एक महीने में कुल 7 मरीजों की जान बचाई जा चुकी है। इनमें से 5 मरीज जिला अस्पताल बबरी गुरदासपुर में और 2 मरीज माता सुलक्षणी सिविल अस्पताल बटाला में सफल इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। यह जानकारी पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉर्पोरेशन के चेयरमैन रमन बहल ने दी।
डॉक्टरी नेटवर्किंग से तुरंत इलाज संभव
रमन बहल ने बताया कि जैसे ही हार्ट अटैक का कोई मरीज इन दोनों अस्पतालों में पहुंचता है, वहां मौजूद डॉक्टर सबसे पहले उसकी ईसीजी करते हैं और फिर उसकी रिपोर्ट WhatsApp के माध्यम से गुरु नानक देव अस्पताल अमृतसर और डीएमसी लुधियाना के विशेषज्ञ डॉक्टरों को भेजी जाती है। विशेषज्ञों की सलाह पर तुरंत इंजेक्शन लगाया जाता है जिससे मरीज की हालत स्थिर की जा सके।
30 हज़ार का इंजेक्शन मुफ्त में उपलब्ध
रमन बहल ने बताया कि बाज़ार में इन जीवन रक्षक इंजेक्शनों की कीमत लगभग ₹30,000 होती है, लेकिन पंजाब सरकार ने इसे आम जनता के लिए बिलकुल मुफ्त कर दिया है। इस फैसले से आम लोगों, खासकर आर्थिक रूप से कमजोर तबके को बड़ी राहत मिली है।
विशेषज्ञों की सलाह से होता है उपचार
इसी प्रणाली के तहत इलाज मिलने के बाद मरीज को बेहतर इलाज के लिए अमृतसर या लुधियाना के बड़े अस्पतालों में भेजा जाता है। यह सुविधा हाल ही में शुरू की गई है और इसके शुरुआती परिणाम सकारात्मक रहे हैं।
मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को किया धन्यवाद
इस जीवन रक्षक पहल के लिए रमन बहल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और लोगों को समय पर इलाज देने की दिशा में एक बड़ी सफलता है।
