समाजिक न्याय, अधिकारिता और अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने जानकारी दी है कि पंजाब सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान “आशीर्वाद योजना” के अंतर्गत 2634 लाभार्थियों के लिए 13.43 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। यह सहायता राज्य के आर्थिक रूप से कमजोर और पिछड़े वर्गों के परिवारों को उनकी बेटियों की शादी के समय दी जाती है।
इन जिलों के लाभार्थियों को मिला लाभ
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि यह राशि अमृतसर, बर्नाला, फरीदकोट, श्री फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, होशियारपुर, लुधियाना, श्री मुक्तसर साहिब, पटियाला, पठानकोट, रूपनगर, एस.ए.एस. नगर (मोहाली), संगरूर, मालेरकोटला और तरनतारन जिलों के लाभार्थियों को दी गई है। यह सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है।
आशीर्वाद पोर्टल से जुड़ी प्रक्रिया
मंत्री ने बताया कि यह वित्तीय सहायता उन आवेदनों के आधार पर दी गई है, जो ‘आशीर्वाद पोर्टल’ पर समय पर प्राप्त हुए थे। इस डिजिटल प्रक्रिया से पात्र लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित की गई है और पारदर्शिता बनी रहती है।
विवाह के समय मिलती है सहायता राशि
उल्लेखनीय है कि ‘आशीर्वाद योजना’ के तहत गरीब और निम्न आय वर्ग के परिवारों को उनकी बेटियों की शादी के समय ₹51,000 की सीधी वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। यह योजना राज्य सरकार द्वारा बेटियों के सम्मान और परिवारों के आर्थिक सहयोग के उद्देश्य से चलाई जा रही है।
राज्य सरकार की प्रतिबद्धता
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस योजना का उद्देश्य है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी परिवार अपनी बेटी की शादी में कठिनाई महसूस न करे।
