पंजाब सरकार ने राज्य में सड़क किनारे भीख माँगने वाले बच्चों को मानव तस्करी और शोषण से बचाने के लिए बड़ा और सख़्त क़दम उठाया है। राज्य के सभी डिप्टी कमिश्नरों को निर्देश जारी करते हुए सरकार ने आदेश दिया है कि जो भी बच्चा किसी वयस्क के साथ भीख माँगता पाया जाए, उसका डीएनए टेस्ट करवा कर उस व्यक्ति से संबंध की पुष्टि की जाए।
कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर, जो समाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी संभाल रही हैं, ने कहा कि यदि पंजाब जैसे राज्य में बच्चों से जबरन भीख मंगवाई जा रही है, तो यह हमारी सामाजिक और नैतिक ज़िम्मेदारी है कि हम आगे आकर इन मासूमों को सुरक्षित करें।
उन्होंने बताया कि यदि कोई बच्चा किसी वयस्क के साथ सड़क या बाज़ार में भीख मांगता हुआ पकड़ा जाता है, तो उस वयस्क से उसका रिश्ता प्रमाणित करने के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। यह टेस्ट ज़िले के डिप्टी कमिश्नर और सिविल सर्जन की निगरानी में होगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बच्चा तस्करी करके तो नहीं लाया गया।
डॉ. बलजीत कौर ने स्पष्ट किया कि टेस्ट सफल होने की स्थिति में, बच्चा उसके माता-पिता को सौंप दिया जाएगा। लेकिन यदि डीएनए मैच नहीं होता, तो उस वयस्क के खिलाफ मानव तस्करी का केस दर्ज किया जाएगा। जब तक टेस्ट की रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक कोई भी व्यक्ति उस बच्चे की कस्टडी नहीं ले सकेगा। विशेष रूप से छोटी बच्चियों के मामलों को प्रशासन विशेष गंभीरता से ले रहा है।
इस पहल के तहत बच्चों को तत्काल बाल संरक्षण गृह (बाल घरों) में सुरक्षित रखा जाएगा। सरकार की योजना है कि इन बच्चों को पहले मेडिकल जांच और फिर मनोवैज्ञानिक सहायता दी जाए, ताकि वे किसी प्रकार के मानसिक या शारीरिक आघात से उबर सकें।
विभाग ने सड़क और बाज़ारों में भीख मांगते बच्चों की पहचान के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। ये टीमें बच्चों को रेस्क्यू कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण करवाएंगी और फिर उनके परिवारों का पता लगाने की कोशिश की जाएगी। यदि परिवार नहीं मिलते या स्थिति संदिग्ध पाई जाती है, तो डीएनए परीक्षण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
यह सख्त कदम राज्य में बाल शोषण और तस्करी जैसे गंभीर अपराधों पर नकेल कसने की दिशा में एक निर्णायक पहल मानी जा रही है। पंजाब सरकार का यह प्रयास न केवल मानवता की रक्षा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह बच्चों के बेहतर भविष्य और समाज में सुरक्षित स्थान सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक मजबूत संकेत है।
