आज के डिजिटल दौर में यूट्यूब सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं रह गया है, बल्कि लाखों लोगों के लिए कमाई का मजबूत साधन बन चुका है। हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत से चलने वाला एक यूट्यूब चैनल सिर्फ एआई से वीडियो बनाकर सालाना करोड़ों रुपये कमा रहा है। ऐसे में आम लोगों के मन में भी सवाल उठता है कि क्या वे भी यूट्यूब से पैसे कमा सकते हैं और अगर हां, तो कितनी कमाई संभव है।
क्या हर व्यू पर मिलता है पैसा?
अक्सर लोग सोचते हैं कि यूट्यूब हर एक व्यू के बदले पैसे देता है, लेकिन असलियत थोड़ी अलग है। यूट्यूब सीधे वीडियो पर आए व्यूज के लिए नहीं, बल्कि वीडियो पर चलने वाले विज्ञापनों (Ads) के व्यूज के हिसाब से भुगतान करता है। मतलब अगर आपके वीडियो पर 10,000 व्यूज आए, लेकिन उस पर कोई विज्ञापन नहीं चला, तो आपकी कमाई शून्य हो सकती है। वहीं, अगर आपके वीडियो पर चल रहे एड को 5,000 बार देखा गया, तो आपको उन्हीं व्यूज का पैसा मिलेगा।
5,000 व्यूज पर कितनी कमाई हो सकती है?
यूट्यूब से होने वाली कमाई कई बातों पर निर्भर करती है, जैसे आपके चैनल की कैटेगरी, दर्शकों की लोकेशन, वीडियो पर एंगेजमेंट और विज्ञापन की कीमत। इसका कोई फिक्स रेट नहीं होता। फिर भी एक्सपर्ट्स के अनुमान के अनुसार, अगर आपके वीडियो पर चलने वाले एड को 5,000 व्यूज मिलते हैं, तो आप करीब 25 से 75 डॉलर तक कमा सकते हैं। भारतीय रुपये में यह रकम लगभग 2,000 से 6,000 रुपये के बीच हो सकती है।
यूट्यूब से कमाई के दूसरे तरीके
यूट्यूब से पैसा कमाने का रास्ता सिर्फ विज्ञापनों तक सीमित नहीं है। अगर आपका चैनल यूट्यूब पार्टनर प्रोग्राम में शामिल है, तो आप कई तरीकों से कमाई कर सकते हैं। इसमें यूट्यूब प्रीमियम सब्सक्रिप्शन से मिलने वाला हिस्सा, चैनल मेंबरशिप, सुपर चैट और सुपर थैंक्स जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा, कई क्रिएटर अपने चैनल के जरिए मर्चेंडाइज बेचकर भी अच्छी कमाई करते हैं।
स्पॉन्सरशिप और एफिलिएट से बढ़ती कमाई
जैसे-जैसे चैनल बड़ा होता है, वैसे-वैसे ब्रांड्स स्पॉन्सर्ड वीडियो के लिए संपर्क करने लगते हैं। स्पॉन्सरशिप से मिलने वाली कमाई कई बार एड रेवेन्यू से भी ज्यादा होती है। इसके साथ ही एफिलिएट मार्केटिंग के जरिए प्रोडक्ट लिंक शेयर करके भी अच्छा पैसा कमाया जा सकता है।
नियम और धैर्य हैं जरूरी
यूट्यूब से कमाई आसान जरूर है, लेकिन इसके लिए मेहनत, धैर्य और नियमों की सही जानकारी होना बेहद जरूरी है। सही कंटेंट, नियमित अपलोड और दर्शकों से जुड़ाव आपको यूट्यूब पर सफलता की ओर ले जा सकता है।
