आम आदमी पार्टी (AAP) ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के चढ़ावे और मंदिर निर्माण से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर देशभर में अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम के मंदिर से जुड़े मामले में दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने इसे करोड़ों राम भक्तों की आस्था से जुड़ा विषय बताते हुए कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
पीएम मोदी को लिखा पत्र, श्रद्धालुओं से हस्ताक्षर अभियान की अपील
अरविंद केजरीवाल ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र भी लिखा है। पार्टी की ओर से देशभर के राम भक्तों से इस पत्र पर हस्ताक्षर करने की अपील की गई है। AAP नेताओं का कहना है कि हर क्षेत्र में श्रद्धालुओं को एकजुट कर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, ताकि इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को मजबूती मिल सके।
चढ़ावे और निर्माण में कथित गड़बड़ियों के लगाए आरोप
AAP ने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण और श्रद्धालुओं के चढ़ावे में बड़े स्तर पर कथित अनियमितताएं हुई हैं। पार्टी का दावा है कि पिछले 40 दिनों के दौरान चोरी की कई घटनाएं सामने आईं और बार-बार चोरी पकड़े जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि जांच से जुड़े महत्वपूर्ण सबूतों को नुकसान पहुंचाया गया और कई महीनों की सीसीटीवी फुटेज भी कथित तौर पर हटा दी गई।
मोदी सरकार पर आरोप
केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि इस मामले में दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। AAP का कहना है कि यदि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ हो तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है। केजरीवाल ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
दोषियों को फांसी देने की मांग
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम के मंदिर से चोरी करने वालों ने केवल धन की चोरी नहीं की, बल्कि करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था को भी ठेस पहुंचाई है। उन्होंने ऐसे आरोपितों के लिए सबसे कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी की सजा दिए जाने की मांग की। AAP ने कहा कि यह अभियान किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि राम भक्तों की भावनाओं और मंदिर की पवित्रता की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है।
