रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन और एमडी अनिल अंबानी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पूछताछ के बाद अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भी बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे सीबीआई की टीम मुंबई के कफ परेड स्थित सीविंड अपार्टमेंट पहुंची और अनिल अंबानी के घर पर छापेमारी शुरू की। बताया जा रहा है कि इस दौरान अनिल अंबानी और उनका परिवार घर पर मौजूद था। सीबीआई के 7 से 8 अधिकारी तलाशी अभियान में जुटे हैं।
ईडी ने पहले ही कस लिया था शिकंजा
इससे पहले ईडी ने अनिल अंबानी से जुड़े 50 से अधिक कारोबारी प्रतिष्ठानों और 25 व्यक्तियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। 24 जुलाई को मुंबई में करीब 35 जगहों पर एक साथ हुई इस बड़ी कार्रवाई ने वित्तीय जगत में हलचल मचा दी थी। इसके बाद ईडी ने अनिल अंबानी को पूछताछ के लिए भी बुलाया था।
बैंक लोन फ्रॉड से जुड़ा मामला
सीबीआई और ईडी की यह जांच कथित 17,000 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले से जुड़ी है। आरोप है कि 2017 से 2019 के बीच यस बैंक ने अनिल अंबानी की कई कंपनियों को अवैध तरीके से मोटा लोन दिया। जांच एजेंसियों का दावा है कि इस लोन से पहले यस बैंक के प्रमोटर्स को निजी व्यवसाय के लिए भारी रकम मिली थी। यही रिश्वतखोरी और अवैध लेन-देन का लिंक अब जांच के घेरे में है।
दर्ज की गई दो एफआईआर
सीबीआई ने इस मामले में पहले ही दो एफआईआर दर्ज की थीं। इन्हीं एफआईआर के आधार पर ईडी ने जुलाई में छापेमारी की थी। अब सीबीआई भी सक्रिय हो गई है और अलग-अलग ठिकानों की तलाशी लेकर अहम सबूत जुटा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अनिल अंबानी से सीबीआई भी औपचारिक पूछताछ कर सकती है।
अनिल अंबानी पर पहले से ही कर्ज और कारोबारी संकट के चलते आर्थिक दबाव है। अब सीबीआई और ईडी की जांच ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। जांच एजेंसियों के हाथ कोई बड़ा सबूत लगने पर अंबानी के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई हो सकती है। इस हाई-प्रोफाइल केस ने राजनीतिक और कॉर्पोरेट जगत दोनों में हलचल मचा दी है।
