टी20 वर्ल्ड कप 2024 की जीत के तुरंत बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी20 फॉर्मेट को अलविदा कहकर सभी क्रिकेट फैंस को चौंका दिया था। इसके बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी गंवाने के बाद रोहित ने 7 मई को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया और सिर्फ पांच दिन बाद 12 मई को विराट कोहली ने भी टेस्ट फॉर्मेट को अलविदा कह दिया। इन दोनों खिलाड़ियों के अचानक फैसलों ने वनडे करियर को लेकर भी कयासों को हवा दे दी।
राजीव शुक्ला ने किया स्थिति साफ
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने अब इन अटकलों पर विराम लगा दिया है। यूपी टी20 लीग के यूट्यूब चैनल पर पॉडकास्ट के दौरान उनसे पूछा गया कि क्या विराट और रोहित को सचिन तेंदुलकर की तरह शानदार फेयरवेल मिलेगा। इस पर राजीव शुक्ला ने कहा— “वो रिटायर कब हुए हैं? रोहित शर्मा और विराट कोहली अभी भी वनडे खेल रहे हैं।”
बीसीसीआई की पॉलिसी पर जोर
राजीव शुक्ला ने साफ कहा कि बीसीसीआई किसी भी खिलाड़ी को रिटायरमेंट लेने के लिए मजबूर नहीं करता। उन्होंने कहा— “बीसीसीआई की पॉलिसी काफी क्लियर है। खिलाड़ी खुद तय करता है कि कब रिटायर होना है और हम उसके फैसले का सम्मान करते हैं।”
फेयरवेल पर क्या बोले राजीव शुक्ला
फेयरवेल के सवाल पर राजीव शुक्ला ने हल्के अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा— “पुल आएगा तभी तो बताएंगे कि कैसे क्रॉस करना है। विराट काफी फिट हैं, रोहित शानदार खेल रहे हैं। अभी से फेयरवेल की चिंता क्यों कर रहे हैं?” इस बयान से उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि फिलहाल दोनों खिलाड़ियों के वनडे रिटायरमेंट का कोई सवाल ही नहीं है।
फैंस के लिए बड़ी राहत
राजीव शुक्ला के इस बयान ने क्रिकेट प्रेमियों को राहत दी है। रोहित और विराट वनडे फॉर्मेट में अभी भी टीम इंडिया की अहम ताकत हैं और उनके अनुभव की जरूरत आने वाले बड़े टूर्नामेंट्स में पड़ेगी। ऐसे में उनका वनडे से संन्यास फिलहाल दूर की बात लग रही है।
