मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम “युद्ध नशों विरुद्ध” के तहत बठिंडा में एक बड़ी कार्रवाई की गई। ज़िला पुलिस प्रमुख अमनीत कोंडल के निर्देशों पर आज बठिंडा के धोबियाना बस्ती इलाके में नशा तस्करों द्वारा बनाई गई दो अवैध इमारतों को पुलिस और सिविल प्रशासन ने मिलकर गिरा दिया।
इस मौके पर एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने जानकारी दी कि इन इमारतों का निर्माण नीतू पत्नी बलबीर सिंह निवासी कबाड़ी गली, धोबियाना बस्ती और रमेश साहनी उर्फ रैम्बो पुत्र मजनूं साहनी निवासी बठिंडा द्वारा अवैध रूप से किया गया था। दोनों ही व्यक्ति नशा तस्करी और अन्य गंभीर अपराधों में पहले से आरोपी हैं। इनके खिलाफ 16 आपराधिक केस दर्ज हैं।
एसपी सिंह ने बताया कि इस अवैध निर्माण को लेकर कई बार नोटिस भी दिए गए थे, लेकिन जब इन लोगों ने जगह खाली नहीं की, तो डिप्टी कमिश्नर-कम-मजिस्ट्रेट के आदेशों पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोज़र चलाया गया।
उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस ने 1 मार्च 2025 से अब तक नशा तस्करों के खिलाफ 821 केस दर्ज कर 1276 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 37 बड़े तस्कर भी शामिल हैं। इसके अलावा 2023 से अब तक करीब 10 करोड़ 5 लाख रुपये की संपत्ति को फ्रीज किया गया है।
पुलिस ने इस मौके पर आम जनता से अपील की कि अगर उनके आस-पास कोई नशे का अवैध धंधा कर रहा है तो इसकी जानकारी तुरंत पंजाब सरकार की एंटी ड्रग हेल्पलाइन नंबर 97791-00200 या बठिंडा पुलिस की हेल्पलाइन 91155-02252 पर दी जा सकती है। जानकारी देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
यह कार्रवाई पंजाब सरकार के उस वादे को दर्शाती है जिसमें प्रदेश को नशामुक्त बनाना एक प्राथमिक लक्ष्य है। प्रशासन का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि नशा तस्करी की कमर तोड़ी जा सके और युवा पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य मिल सके।
इस मुहिम में आम लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है। पुलिस ने कहा कि एकजुट होकर ही नशे के खिलाफ जंग को जीता जा सकता है।
