‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान DAY 182, पंजाब पुलिस ने एक दिन में 646 छापे मारकर 326 लोगों को किया गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने राज्य में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान के तहत लगातार कार्रवाई जारी रखी है। अभियान के 182वें दिन पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर राज्यभर में चिन्हित ठिकानों पर बड़े पैमाने पर छापेमारी की। इस दौरान कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया और वांछित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।
646 जगहों पर छापेमारी, 326 गिरफ्तार
पंजाब पुलिस के अनुसार, एक दिन के अभियान में 646 स्थानों पर छापे मारे गए। कार्रवाई के दौरान 326 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि लंबे समय से फरार चल रहे 8 घोषित अपराधियों (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर्स) को भी पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि यह अभियान राज्य में संगठित अपराध पर लगाम लगाने के उद्देश्य से लगातार चलाया जा रहा है।
कुल गिरफ्तारियों का आंकड़ा 51 हजार के पार
पुलिस ने बताया कि अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 51,256 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के जरिए गैंगस्टर नेटवर्क को कमजोर करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस विभिन्न जिलों में अपराधियों के ठिकानों की पहचान कर योजनाबद्ध तरीके से अभियान चला रही है।
गोपनीय सूचना देने के लिए हेल्पलाइन जारी
पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी गैंगस्टर या आपराधिक गतिविधि से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वे एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर पूरी तरह गोपनीय तरीके से सूचना दे सकते हैं। पुलिस का कहना है कि आम लोगों के सहयोग से राज्य को अपराध मुक्त और अधिक सुरक्षित बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
