मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना पर 3.5 लाख श्रद्धालु कर चुके हैं यात्रा, नए रूट भी होंगे शुरू
आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब महासचिव और मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना को लेकर अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 3.5 लाख लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं। सरकार आने वाले समय में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरिद्वार, ऋषिकेश, मथुरा, वृंदावन, खाटू श्याम और सालासर धाम के लिए भी नए रूट शुरू करने की तैयारी कर रही है।
श्रद्धालुओं के लिए पूरी व्यवस्था का दावा
बलतेज पन्नू ने कहा कि योजना के तहत यात्रियों के रहने, खाने-पीने और अन्य जरूरी सुविधाओं की पूरी व्यवस्था सरकार की ओर से की जाती है। उनका कहना है कि इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है।
विपक्ष पर साधा निशाना
AAP नेता ने आरोप लगाया कि मान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता विपक्षी दलों से बर्दाश्त नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद से विपक्ष लगातार बेबुनियाद बयान दे रहा है, लेकिन सरकार ने हर बार अपने काम के जरिए जवाब दिया है। उनके अनुसार, कांग्रेस से जुड़े कुछ लोगों द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की आलोचना और बस पर कथित हमला राजनीतिक हताशा का परिणाम है।
बस पर हमले का भी लगाया आरोप
AAP के वरिष्ठ नेता शमिंदर सिंह खिंडा ने दावा किया कि कांग्रेस से जुड़े कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की बस पर हमला किया। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि लोकप्रिय योजनाओं को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकार भविष्य में भी इस योजना का दायरा बढ़ाते हुए अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक इसका लाभ पहुंचाने के लिए काम करती रहेगी।
