पंजाब के घनौर और सनौर क्षेत्रों से राहत की खबर आई है। यहां घग्गर नदी का जलस्तर अब घटने लगा है। बीते 24 घंटों में सराला घग्गर स्थल पर पानी का स्तर 13 फुट तक कम हो चुका है और लगातार गिर रहा है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि पानी का रुख अब समाणा और पात्रां क्षेत्र की ओर जा सकता है, जिससे वहां के खेत और गांव प्रभावित हो सकते हैं।
टांगरी और मार्कंडा का पानी बढ़ा सकता है दबाव
विशेषज्ञों का कहना है कि टांगरी और मार्कंडा नदियों से आने वाला अतिरिक्त पानी भी समाणा और पात्रां इलाकों में घग्गर के स्तर को बढ़ा सकता है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर इन क्षेत्रों के लिए सलाह जारी की गई है।
कई गांव हो सकते हैं प्रभावित
पटियाला सब-डिवीजन और समाणा/शुतराणा हलके के दर्जनों गांव प्रभावित हो सकते हैं। इनमें उलटपुर, दुरद, मरदाहेड़ी, मरौड़ी, सपरेहेड़ी, रतनहेड़ी, असमानपुर, हरचंदपुरा, बादशाहपुर, रसौली, मतौली, तेईपुर, कांगथला, गुरु नानकपुरा, सागरा, जोगेवाल और गुलाहड़ जैसे गांव शामिल हैं। इन इलाकों के लोगों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
प्रशासन की अपील: अफवाहों से बचें, सतर्क रहें
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा हालात काबू में हैं और घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे नदी या पानी के बहाव वाले क्षेत्रों के पास न जाएं और किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें। यदि जलस्तर बढ़ने की सूचना मिले तो तुरंत पटियाला जिला प्रशासन कंट्रोल रूम नंबर 0175-2350550 या 0175-2358550 पर संपर्क करने को कहा गया है।
