पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट बदलता नजर आ रहा है। चंडीगढ़ समेत पूरे पंजाब और हरियाणा में शनिवार को अचानक मौसम का रुख बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए और कई इलाकों में बूंदाबांदी शुरू हो गई। मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी करते हुए कहा था कि 6 और 7 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग का अलर्ट – 8 अक्टूबर तक बिगड़ा रहेगा मौसम
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पंजाब में 8 अक्टूबर तक मौसम अस्थिर रहने की संभावना है। इस दौरान कई हिस्सों में बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी है।
किसानों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसलों को बारिश से बचाने के लिए आवश्यक तैयारी कर लें। विशेष रूप से कपास और धान की फसल पर बारिश के असर को कम करने के लिए खेतों में जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई है।
ओरेंज और येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पंजाब के कई जिलों में ओरेंज अलर्ट और कुछ में येलो अलर्ट जारी किया है।
ओरेंज अलर्ट वाले जिलों में पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, नवांशहर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली और गुरदासपुर शामिल हैं।
वहीं, तरनतारन, फिरोजपुर, मोगा, बठिंडा, मानसा, मुक्तसर साहिब, फाजिल्का और बरनाला में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे भारी बारिश के दौरान यात्रा से बचें और स्थानीय प्रशासन की हिदायतों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
