WhatsApp ने भारत में एक ऐसा नया फीचर शुरू किया है, जिससे रोजमर्रा के कई जरूरी बिल सीधे ऐप के अंदर ही भरे जा सकेंगे। अब यूजर्स को बिजली, पानी या गैस का बिल जमा करने के लिए अलग-अलग ऐप खोलने की जरूरत कम हो जाएगी। Bill Payments फीचर को भारत में धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है और आने वाले हफ्तों में यह Android और iOS यूजर्स तक पहुंचेगा।
30 कैटेगरी में 22,722 बिलर्स
यह सुविधा Bharat Connect (BBPS) नेटवर्क पर काम करती है। WhatsApp के मुताबिक, यूजर्स को करीब 22,722 बिलर्स और 30 कैटेगरी का एक्सेस मिलेगा। इनमें बिजली, पानी, गैस, FASTag, इंश्योरेंस, क्रेडिट कार्ड बिल और लोन रिपेमेंट जैसी सेवाएं शामिल हैं।
UPI के साथ डेबिट और क्रेडिट कार्ड भी
बिल भरने की प्रक्रिया भी आसान रखी गई है। WhatsApp खोलकर होम स्क्रीन पर ऊपर दिए ₹ आइकन पर जाना होगा। इसके बाद बिल की कैटेगरी और कंपनी चुनकर ग्राहक या अकाउंट की जानकारी दर्ज करनी होगी। बिल की रकम सामने आने के बाद यूजर UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर सकेगा।
एक ही जगह कई बिल संभालने की सुविधा
नए फीचर में पहले भुगतान किए गए बिलर्स को दोबारा आसानी से एक्सेस करने की सुविधा भी है। यूजर एक ही बिलर के तहत घर, ऑफिस या परिवार के अलग-अलग अकाउंट मैनेज कर सकता है। Payments Home पर लोकप्रिय बिल कैटेगरी भी दिखाई जाएंगी, जबकि ‘See All’ से 20 से ज्यादा कैटेगरी देखी जा सकेंगी।
धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचेगा फीचर
WhatsApp ने इस सुविधा को भारत में चरणबद्ध तरीके से शुरू किया है। कंपनी के अनुसार, आने वाले हफ्तों में Android और iOS पर सभी यूजर्स के लिए Bill Payments उपलब्ध कराया जाएगा। यह फीचर WhatsApp को सिर्फ मैसेजिंग ऐप से आगे बढ़ाकर रोजमर्रा के डिजिटल कामों के लिए भी उपयोगी बनाने की दिशा में एक और कदम है।
