भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुआई में भारत ने पहली बार आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 का खिताब अपने नाम किया।
डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर ये शानदार जीत हासिल की।
टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर देशभर में जश्न का माहौल है।
पंजाब की बेटियों का कमाल
इस जीत में पंजाब की तीन बेटियों — हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल और अमनजोत कौर ने शानदार प्रदर्शन कर सभी का दिल जीत लिया।
इस मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वीडियो कॉल के ज़रिए टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और खिलाड़ियों को जीत की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा —
“आज देश का मान बढ़ाने वाली हमारी बेटियों से बात कर उन्हें ऐतिहासिक जीत की बधाई दी। आप खेलती रहिए, हम सब आपके साथ हैं।”
“तुमने इतिहास बदल दिया” — CM मान
वीडियो कॉल के दौरान सीएम भगवंत मान ने कहा,
“हरमनप्रीत कौर, अमनजोत कौर और हरलीन देओल — तुम पंजाब की बेटियां हो, और तुमने वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया है। जब रात को 12 बजे तुमने वो कैच लिया, तो न सिर्फ तारीख बदली बल्कि इतिहास भी बदल गया।”
उन्होंने टीम की तारीफ करते हुए कहा कि पहले ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमें बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण आगे रहती थीं,
“लेकिन अब हमारी बेटियों ने दिखा दिया कि अगर जुनून हो, तो कोई भी देश हमें पीछे नहीं छोड़ सकता।”
मुख्यमंत्री ने सेमीफाइनल मैच की भी तारीफ की जिसमें टीम इंडिया ने 339 रन बनाकर जीत हासिल की। उन्होंने कहा —
“जेमिमा और हरमनप्रीत की शानदार साझेदारी ने मैच पलट दिया। ऑस्ट्रेलिया को हराना बहुत बड़ी उपलब्धि है क्योंकि वो लीग मैचों में एक बार भी नहीं हारे थे।”
हरलीन देओल बोलीं — “आपसे बात करके गर्व महसूस हो रहा है”
टीम की खिलाड़ी हरलीन देओल ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि पंजाब के मुख्यमंत्री को खेलों की इतनी जानकारी है।
“आपकी स्पोर्ट्स के प्रति रुचि देखकर हमें गर्व महसूस होता है। आपके नेतृत्व में खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है।”
मुख्यमंत्री मान ने पूरी टीम — दीप्ति शर्मा, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, श्रीचारिनी और बाकी खिलाड़ियों की भी तारीफ की।
उन्होंने कहा कि यह जीत न सिर्फ देश का मान बढ़ाती है, बल्कि उन बेटियों के लिए प्रेरणा है जो बड़े सपने देखती हैं।
“पहले कहा जाता था कि बेटियां कमजोर हैं, लेकिन अब हमारी बेटियां आसमान छू रही हैं। आपने पंजाब और देश का नाम रोशन कर दिया है।”
इस ऐतिहासिक जीत ने साबित कर दिया है कि अगर हिम्मत और मेहनत साथ हो, तो भारत की बेटियां हर मैदान में इतिहास रच सकती हैं।
