अमृतसर में अवैध हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क पकड़ा, 2 आरोपी गिरफ्तार; 10 पिस्तौल बरामद
पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस, अमृतसर ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से 10 पिस्तौल, मैगजीन और 9mm के 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
विदेश में बैठे हैंडलर से संपर्क का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के कथित तौर पर विदेश में मौजूद एक हैंडलर से संपर्क थे। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों को सीमा पार से अवैध हथियारों की खेप मिलने और आगे पंजाब में अलग-अलग लोगों तक पहुंचाने का आरोप है।
हालांकि, इस पूरे नेटवर्क की वास्तविक तस्वीर जांच आगे बढ़ने के बाद ही साफ होगी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से आए और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
FIR दर्ज, नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
जांच में आरोपियों के कथित आगे और पीछे के संपर्कों को खंगाला जा रहा है, ताकि अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। पंजाब पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों और सीमा पार से संचालित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। अमृतसर में हुई यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है, जिसमें पुलिस का फोकस हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क और उनके सहयोगियों तक पहुंचने पर है।
