
कनाडा में हाल ही में हुए संघीय चुनाव के नतीजों ने पंजाब में खुशी की लहर दौड़ा दी है। इस चुनाव में 22 पंजाबी मूल के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है, जो कि एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। खासतौर पर लिबरल पार्टी के सीनियर नेता सुख धालीवाल की छठी बार जीत ने सबका ध्यान खींचा है।
गांव में ढोल-नगाड़े और मिठाइयां
जैसे ही मोगा जिले के सुजापुर गांव को खबर मिली कि उनके गांव के बेटे सुख धालीवाल एक बार फिर सांसद बन गए हैं, गांव में ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाच-गाना शुरू हो गया। लोग मिठाइयां बांटते हुए गर्व से झूम उठे। गांव के लोगों का कहना है कि सुख धालीवाल ने एक बार फिर विदेश में भारत और पंजाब का नाम रोशन किया है।
छठी बार संसद पहुंचे सुख धालीवाल
64 वर्षीय सुख धालीवाल ने ब्रिटिश कोलंबिया की सरे न्यूटन सीट से कंजर्वेटिव पार्टी के हरजीत सिंह गिल को हराया। वह इससे पहले भी 2011, 2015, 2019 और 2021 में इस सीट से जीत दर्ज कर चुके हैं। इस बार जीत के साथ उन्होंने छठी बार हाउस ऑफ कॉमन्स में अपनी जगह बनाई है।
उनके बड़े भाई ने बताया, “सुख आज भी अपने गांव और जड़ों से गहराई से जुड़े हुए हैं। उनकी जीत पूरे गांव के लिए गर्व की बात है।” इसी मौके पर SGPC के महासचिव गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कहा कि यह जीत सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी पंजाबियत की जीत है।
मोगा के दो और बेटों की जीत
सिर्फ सुख धालीवाल ही नहीं, बल्कि मोगा जिले से ही ताल्लुक रखने वाले अमनप्रीत सिंह गिल और सुखमन गिल की जीत पर भी उनके गांवों में खुशी का माहौल देखा गया। पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां और मोगा की आप विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा ने उन्हें बधाई दी और कहा कि इन सांसदों से भारत-कनाडा संबंध और मजबूत होंगे।
कई अन्य पंजाबी नेताओं की भी शानदार जीत
लिबरल पार्टी के अन्य पंजाबी नेताओं ने भी अच्छी सफलता हासिल की। रणदीप सराय ने सरे से चौथी बार संसद में जगह बनाई। इसके अलावा:
-
अनीता आनंद (ओकविले ईस्ट)
-
बर्दिश चग्गर (वाटरलू)
-
अंजू ढिल्लों (डोरवाल लाचिन)
-
इकविंदर सिंह गहीर (मिसिसॉगा माल्टन)
-
गुरबख्श सैनी (फ्लीटवुड पोर्ट केल्स)
-
परम बैंस (रिचमंड ईस्ट स्टीवेस्टन)
इन सभी की जीत ने पंजाबी समुदाय को गर्व का अहसास कराया।
कंजर्वेटिव पार्टी में भी पंजाबी उम्मीदवारों की दमदार मौजूदगी
कंजर्वेटिव पार्टी के पंजाबी विजेताओं में शामिल हैं:
-
जसराज हालन (कैलगरी ईस्ट)
-
दलविंदर गिल (कैलगरी मैक्नाइट)
-
अमनप्रीत गिल (कैलगरी स्काईव्यू)
-
अर्पण खन्ना (ऑक्सफोर्ड)
-
टिम उप्पल (एडमॉन्टन गेटवे)
-
परम गिल (मिल्टन ईस्ट)
-
सुखमन गिल (एबॉट्सफोर्ड साउथ लैंगली)
-
जगशरण सिंह महल (एडमॉन्टन साउथईस्ट)
-
हर्ब गिल (विंडसर वेस्ट)
SGPC की बधाई और संदेश
SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने जीतने वाले सभी पंजाबी सांसदों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सिख समुदाय और पंजाबी प्रवासियों के लिए गर्व का क्षण है। साथ ही उन्होंने लिबरल पार्टी और उनके नेता मार्क कार्नी को सत्ता में आने पर शुभकामनाएं दीं।