
भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में जंग जैसे माहौल के बाद भले ही दोनों देशों के बीच सीज़फायर हो गया हो और गोलीबारी पर पूरी तरह से रोक लग चुकी हो, लेकिन अब पंजाब पुलिस ने एक नया अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट सीमा पार से हो रहे सायबर हमलों को लेकर है।
पंजाब पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि “Dance of the Hillary” नामक एक बेहद खतरनाक मालवेयर भारत में फैलाया जा रहा है। इस साइबर हमले के पीछे पाकिस्तान आधारित हैकरों का हाथ बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह मालवेयर वॉट्सऐप, फेसबुक और ईमेल के जरिए भारतीय यूजर्स को भेजा जा रहा है। आम तौर पर यह एक लिंक के रूप में आता है, जिस पर क्लिक करते ही यूजर की डिवाइस संक्रमित हो सकती है।
यह मालवेयर न केवल डिवाइस को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि यह आपकी बैंकिंग जानकारी, पासवर्ड और निजी डाटा को चुरा सकता है। इतना ही नहीं, यह आपकी डिवाइस को रिमोटली कंट्रोल करने की भी क्षमता रखता है, जिससे आपकी निजी जानकारी और आपकी पहचान भी खतरे में पड़ सकती है।
पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, चाहे वह सोशल मीडिया, मैसेज या ईमेल के जरिए क्यों न आया हो। किसी भी अंजान नंबर या संदिग्ध संदेशों से दूर रहना बेहद ज़रूरी है।
इस मालवेयर को लेकर विशेष रूप से युवाओं और टेक्नोलॉजी यूजर्स को सतर्क किया गया है, जो अक्सर सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं और ऐसे खतरों का जल्दी शिकार बन सकते हैं।
पुलिस ने सुझाव दिया है कि अगर किसी को ऐसा कोई संदिग्ध मैसेज मिले, तो तुरंत साइबर क्राइम विभाग को इसकी जानकारी दें। यह सतर्कता न केवल आपकी सुरक्षा के लिए जरूरी है, बल्कि पूरे समाज के डिजिटल सुरक्षा के लिए भी अहम है।सीमा पर शांति के बाद भी खतरा टल नहीं है। अब यह खतरा सायबर दुनिया से है, जहां दुश्मन देश हमारी जानकारी चुराने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए सतर्क रहें, किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और समय रहते सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।