गुजरात के अहमदाबाद से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। एयर इंडिया का एक यात्री विमान टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद क्रैश हो गया। यह हादसा अहमदाबाद एयरपोर्ट से महज 15 किलोमीटर दूर मेघानीनगर इलाके में हुआ। प्लेन क्रैश के तुरंत बाद घटनास्थल से भारी धुआं उठता देखा गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह विमान अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ था। गुरुवार दोपहर 1 बजकर 38 मिनट पर प्लेन ने उड़ान भरी और महज दो मिनट बाद 1 बजकर 40 मिनट पर हादसा हो गया। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर (जिसमें दो पायलट भी शामिल हैं) शामिल थे।
जैसे ही हादसे की खबर मिली, फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। साथ ही, बीएसएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी तुरंत रवाना की गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लेन बहुत कम ऊंचाई पर उड़ रहा था और फिर अचानक नीचे गिर गया। अहमदाबाद पुलिस कंट्रोल रूम ने भी इस हादसे की पुष्टि की है। क्रैश के बाद जो तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं, उनमें देखा जा सकता है कि क्रैश साइट से काले धुएं का विशाल गुबार आसमान में छा गया।
बताया जा रहा है कि यह विमान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर था, जो करीब 11 साल पुराना था। हादसे की असली वजह क्या रही, इसका अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। तकनीकी खराबी, इंजन फेलियर या अन्य कारण – इसकी जांच की जा रही है।
वहीं, CCTV फुटेज से यह भी सामने आया है कि टेकऑफ के तुरंत बाद विमान की ऊंचाई बहुत कम थी और वह धीरे-धीरे नीचे आता जा रहा था। बताया जा रहा है कि पायलट ने आखिरी समय में कंट्रोल टावर को “Mayday” मैसेज भेजा था, जो किसी भी इमरजेंसी स्थिति में दिया जाने वाला अलर्ट होता है।
फिलहाल, राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन सभी ज़रूरी कदम उठा रहा है। पूरा देश इस हादसे को लेकर स्तब्ध है और सभी की निगाहें राहत कार्य और यात्रियों की स्थिति पर टिकी हैं।
यात्रियों की स्थिति और हताहतों को लेकर जानकारी आते ही अपडेट किया जाएगा।
