
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर कमल कौर भाभी (असली नाम कंचन कुमारी) की हाल ही में पंजाब में निहंगों द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना से देशभर में गुस्सा है और अब मशहूर सिंगर मीका सिंह ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर इस दुखद घटना की कड़ी निंदा की और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
“क्या किसी लड़की को मार देना बहादुरी है?”
मीका सिंह ने अपने वीडियो में कहा, “ये तो कमाल हो गया, क्या ये हमारे भाईचारे के लिए गर्व की बात है? क्या एक लड़की की हत्या करने से हमारा नाम ऊँचा होता है?” उन्होंने बताया कि वह खुद एक सिख परिवार से हैं और उन्हें इस घटना से गहरा दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि निहंगों का इतिहास शौर्य, सेवा और परोपकार का रहा है, लेकिन इस घटना ने उस छवि को धूमिल कर दिया है।
“अगर आपको उसकी हरकतें गलत लगीं, तो शिकायत करते, हत्या क्यों की?”
मीका सिंह ने कहा कि अगर किसी को कमल कौर की सोशल मीडिया एक्टिविटी या कपड़ों से आपत्ति थी, तो उसके खिलाफ कानूनी रास्ता अपनाना चाहिए था। उन्होंने कहा, “क्या अब आप तय करेंगे कि कौन क्या पहने, कैसे नाचे? अगर किसी को आपत्ति थी, तो पुलिस में शिकायत की जा सकती थी, न कि किसी की जान लेनी चाहिए थी।”
“सिख समाज की महान छवि को धक्का लगा है”
मीका ने कहा कि सिख समाज ने सदियों से लंगर सेवा, गरीबों की मदद और इंसानियत के लिए काम किया है। लेकिन इस तरह की घटनाएं उस महान परंपरा को चोट पहुंचा रही हैं। उन्होंने कहा, “ये वही समाज है जो गुरु नानक देव जी के सिद्धांतों पर चलता है। इस तरह की हिंसा सिख परंपरा का हिस्सा नहीं हो सकती।”
मुख्यमंत्री और सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग
मीका सिंह ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील की कि ऐसे आरोपियों को सख्त से सख्त सज़ा दी जाए। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने का हक नहीं है, चाहे वो किसी भी धर्म या विचारधारा से जुड़ा हो।
“अगर बहादुरी दिखानी है तो गुनहगारों के खिलाफ लड़ो”
मीका सिंह ने कहा कि पंजाब में कई अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं, अगर बहादुरी दिखानी है तो उनके खिलाफ खड़े हो, न कि एक अकेली लड़की को मारो। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या महिलाओं को मारना अब समाज में सही मान लिया गया है?मीका सिंह ने स्पष्ट कहा कि हत्या किसी भी हाल में सही नहीं ठहराई जा सकती। समाज को सोचना होगा कि वह किस दिशा में जा रहा है। उन्होंने सभी से इंसानियत और कानून का सम्मान करने की अपील की।