पंजाब पुलिस की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सैल (SSOC) मोहाली ने एक अहम कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित संगठन ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ (SFJ) से जुड़े एक प्रमुख ऑपरेटिव रेशम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रेशम सिंह पंजाब के बरनाला जिले के हमीदी गांव का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी खुफिया जानकारी के आधार पर की गई है और उसे देशद्रोही गतिविधियों में शामिल पाया गया है।
जून में अंबेडकर की मूर्ति तोड़ी थी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जून 2025 के पहले सप्ताह में रेशम सिंह ने जालंधर के फिल्लौर के नंगल क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को तोड़ा था। यह काम उसने अमेरिका में बैठे वांछित अपराधी सुरिंदर सिंह ठिकरीवाल और SFJ प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू के निर्देश पर किया था। दोनों ही अपराधी कई UAPA (गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम) मामलों में वांछित हैं।
घटना के बाद से रेशम सिंह फरार चल रहा था, लेकिन पुलिस की विशेष टीम ने उसे पकड़ लिया।
दीवारों पर लिखा ‘खालिस्तान जिंदाबाद’, ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’
रेशम सिंह पर पंजाब के पटियाला, फरीदकोट, जालंधर और अन्य जिलों में कई बार दीवारों पर खालिस्तान और SFJ समर्थक नारे लिखने का भी आरोप है।
इतना ही नहीं, मई 2025 में भारत-पाक तनाव के दौरान भी उसने कई सार्वजनिक जगहों पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ और ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ जैसे भड़काऊ नारे लिखे। इसका मकसद लोगों में अस्थिरता फैलाना और देशविरोधी भावना को बढ़ावा देना था।
विदेशी फंडिंग से मिल रहा था सहयोग
जांच में यह भी सामने आया है कि रेशम सिंह को विदेशी फंडिंग मिल रही थी, जिससे वह इन देशविरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। उसके पास से कुछ तकनीकी और वित्तीय सबूत भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
रेशम सिंह पहले भी दो बार UAPA के तहत गिरफ्तार हो चुका है। उसके खिलाफ हरियाणा के करनाल और पंजाब के संगरूर में केस दर्ज हैं। दोनों मामलों में भी उस पर देशविरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
केस दर्ज, जांच जारी
रेशम सिंह के खिलाफ SSOC मोहाली में एक नई एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि उससे जुड़े अन्य लोगों और फंडिंग नेटवर्क का भी पता लगाया जा सके।
पंजाब पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि राज्य की शांति, एकता और देश की अखंडता को किसी भी कीमत पर खतरे में नहीं डालने दिया जाएगा। ऐसे असामाजिक और देशविरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
