
लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर मिली जीत के बाद अब आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब में एक बार फिर अपनी राजनीतिक स्थिति को और मजबूत करने की दिशा में बढ़ रही है। इस जीत के तुरंत बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से जल्द ही मुलाकात करने जा रहे हैं। इस बैठक को लेकर पंजाब की सियासत में हलचल तेज हो गई है, खासकर मंत्रियों के बीच बेचैनी साफ देखी जा रही है।
दरअसल, मंत्रिमंडल में बदलाव की चर्चाएं जोरों पर हैं। कहा जा रहा है कि कई मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं और कुछ नए चेहरे कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं। इस बार सबसे ज़्यादा चर्चा राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा की हो रही है, जो जल्द ही अपनी सीट से इस्तीफा देने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि उन्हें पंजाब मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा और कोई अहम मंत्रालय सौंपा जाएगा।
संजीव अरोड़ा को मिल सकता है अहम विभाग
सूत्रों के मुताबिक संजीव अरोड़ा को शहरी विकास या जनसेवा से जुड़ा कोई बड़ा विभाग मिल सकता है। चूंकि वह राज्यसभा सीट छोड़ने जा रहे हैं, इसलिए पार्टी नेतृत्व – अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान – दोनों का समर्थन उनके साथ है। ऐसे में उन्हें कोई मामूली विभाग नहीं बल्कि मुख्य जिम्मेदारी दी जाएगी।
केजरीवाल देंगे पंजाब पर फोकस
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस समय दिल्ली सरकार की कमान नहीं संभालनी पड़ रही है, इसलिए अब उनका फोकस पूरी तरह पंजाब पर होगा। पार्टी सूत्रों का कहना है कि पंजाब आम आदमी पार्टी के लिए सबसे अहम राज्य है, जहां 2027 में दोबारा जीत दर्ज करना पार्टी के लिए जरूरी है।
वरिष्ठ नेता करेंगे लगातार दौरे
AAP की रणनीति के तहत अब केजरीवाल पंजाब में नियमित दौरे करेंगे ताकि कार्यकर्ताओं का उत्साह बना रहे। साथ ही पार्टी के केंद्रीय नेता भी लगातार पंजाब में डटे रहेंगे ताकि सरकार की छवि मजबूत बनी रहे और संगठन स्तर पर तैयारी पक्की की जा सके।
नया मंत्रिमंडल, नई रणनीति
पार्टी इस मौके को कैबिनेट में बदलाव और कार्यशैली में तेजी लाने का अवसर मान रही है। जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार की घोषणा हो सकती है, जो पंजाब की राजनीति को एक नई दिशा देगा। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की मुलाकात में इस पर अंतिम फैसला होने की उम्मीद है।