अगर आप भी लंबी दूरी की यात्रा के लिए ट्रेन से सफर करते हैं, तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। 1 जुलाई 2025 से रेलवे टिकट बुकिंग से जुड़े कई अहम नियमों में बदलाव होने जा रहा है। इन बदलावों का असर तत्काल टिकट, वेटिंग लिस्ट, किराया, और बुकिंग प्रक्रिया पर सीधा पड़ेगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है।
अब चार्ट बनेगा ट्रेन छूटने से 8 घंटे पहले
अब तक ट्रेन के चलने से कुछ समय पहले चार्ट तैयार होता था, जिससे वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को अंतिम वक्त तक यह नहीं पता चलता था कि उनका टिकट कन्फर्म हुआ या नहीं। लेकिन अब रेलवे ने ये परेशानी दूर करने का फैसला किया है।
अब से ट्रेन चलने से 8 घंटे पहले ही अंतिम चार्ट तैयार हो जाएगा। इससे यात्रियों को समय रहते पता चल जाएगा कि उनका टिकट कन्फर्म हुआ या नहीं। अगर टिकट कन्फर्म नहीं हुआ है, तो वो दूसरी ट्रेन, बस या कोई और विकल्प समय रहते चुन सकते हैं।
तत्काल टिकट के नियमों में बदलाव
रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग को लेकर भी एक बड़ा फैसला लिया है। 1 जुलाई से केवल आधार-वेरिफाइड यूजर ही IRCTC वेबसाइट या ऐप के ज़रिए तत्काल टिकट बुक कर सकेंगे। इससे टिकट दलालों पर लगाम लगेगी और जरूरतमंद लोगों को सही तरीके से टिकट मिल सकेगा।
अब क्षेत्रीय भाषाओं में भरे जा सकेंगे फॉर्म
अब आरक्षण फॉर्म अलग-अलग भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होंगे। इससे उन लोगों को सुविधा होगी जिन्हें हिंदी या अंग्रेज़ी में परेशानी होती थी। इसके अलावा यात्रियों को अब अपनी पसंद की सीट चुनने का भी विकल्प मिलेगा।
विशेष वर्गों को सुविधाएं
रेलवे ने दिव्यांगजनों, छात्रों और मरीजों के लिए भी कुछ विशेष सुविधाएं दी हैं। अब इन यात्रियों को टिकट बुकिंग और यात्रा में पहले से अधिक सहूलियत मिलेगी।
किराए में हल्की बढ़ोतरी
रेलवे ने किराए को लेकर भी कुछ बदलाव किए हैं। 1 जुलाई से किराया थोड़ा बढ़ने वाला है:
-
नॉन-एसी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में 1 पैसा प्रति किलोमीटर
-
एसी कोच में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी
हालांकि अगर कोई यात्री 500 किलोमीटर तक का सफर कर रहा है, तो सेकेंड क्लास और मासिक पास (MST) के किराए में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। लेकिन 500 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करने वालों को आधा पैसा प्रति किलोमीटर ज्यादा देना होगा।
किराया जानने का मिलेगा नया तरीका
रेलवे अब एक ‘फेयर कैलेंडर’ लॉन्च करने की तैयारी में है, जिससे यात्रियों को यह पहले से पता चल सकेगा कि किस दिन यात्रा करने पर कितना किराया देना होगा। इससे प्लानिंग में आसानी होगी और लोग ऑफ-पीक समय में कम खर्च में यात्रा कर सकेंगे।
दिसंबर 2025 से नई आरक्षण प्रणाली
रेलवे ने यह भी जानकारी दी है कि दिसंबर 2025 से एक नई और बेहतर आरक्षण प्रणाली शुरू की जाएगी। इसमें तकनीकी सुधारों के साथ यात्री सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाएगा।
भारतीय रेलवे ने 1 जुलाई से लागू होने वाले इन नए नियमों के जरिए यात्रियों के अनुभव को और सुविधाजनक बनाने का कदम उठाया है। अब यात्रियों को टिकट बुकिंग, कंफर्मेशन और किराए को लेकर पहले से ज्यादा पारदर्शिता और विकल्प मिलेंगे। अगर आप भी ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो इन नियमों की जानकारी जरूर रखें – ताकि आपकी यात्रा हो आसान और तनावमुक्त।
