भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे दूसरे टेस्ट मैच का आज पांचवां और आखिरी दिन है। बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय टीम एक ऐतिहासिक जीत से सिर्फ 7 विकेट दूर खड़ी है। शुभमन गिल की अगुआई में टीम इंडिया ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन अब मौसम की चाल टीम इंडिया के रास्ते में रुकावट बन सकती है।
भारत की जीत बस कुछ कदम दूर
मैच के चौथे दिन तक इंग्लैंड की दूसरी पारी का स्कोर 72/3 रहा। इंग्लैंड को अभी भी जीत के लिए 536 रन चाहिए, जो मौजूदा हालात में नामुमकिन जैसा है। भारत को सिर्फ 7 विकेट लेने हैं, और जिस तरह मोहम्मद सिराज और आकाश दीप गेंदबाजी कर रहे हैं, उसे देखते हुए यह लक्ष्य बेहद करीब लगता है।
सिराज ने पहली पारी में 6 विकेट लिए, जबकि आकाश दीप ने 4 विकेट झटके। दूसरी पारी में भी दोनों गेंदबाजों ने इंग्लैंड के टॉप ऑर्डर को धराशायी कर दिया। सिराज ने जैक क्रॉली को खाता खोलने से पहले आउट किया, वहीं आकाश दीप ने बेन डकेट (25) और जो रूट (6) को पवेलियन भेजा।
शुभमन गिल का रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन
शुभमन गिल इस मैच के नायक बनकर उभरे हैं। पहली पारी में उन्होंने 269 रनों की शानदार पारी खेली, और दूसरी पारी में भी उन्होंने 161 रन बनाए। दोनों पारियों में उनका कुल स्कोर 430 रन रहा, जो एक टेस्ट मैच में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे अधिक है। वह अब दुनिया के दूसरे ऐसे बल्लेबाज बन चुके हैं जिन्होंने एक टेस्ट में इतने रन बनाए हों।
भारत ने पहली पारी में 587 रन बनाए थे। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 407 रन पर ऑल आउट हो गई। भारत ने इसके बाद दूसरी पारी 427/6 पर घोषित कर दी और इंग्लैंड को विशाल लक्ष्य दे डाला।
एजबेस्टन में भारत को कभी नहीं मिली जीत
गौर करने वाली बात यह है कि भारत ने एजबेस्टन मैदान पर कभी टेस्ट नहीं जीता है। अब तक भारत ने यहां 8 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से 7 में हार और 1 ड्रॉ रहा। लेकिन अब शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया इस इतिहास को बदलने के बेहद करीब है।
मौसम बन सकता है विलेन
आज के दिन की वेदर रिपोर्ट टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय है। पहले सेशन में 40% बारिश की संभावना है, और अगर यह सत्र धुलता है, तो इंग्लैंड को बचाव का मौका मिल सकता है। दूसरे और तीसरे सेशन में भी बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है।
लेकिन राहत की बात यह है कि आज एजबेस्टन में 20 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की उम्मीद है। इससे गेंदबाजों को स्विंग मिलने की संभावना है, खासकर सिराज और आकाश दीप जैसे गेंदबाजों को फायदा हो सकता है। अगर कम से कम दो सेशन का खेल हो जाता है, तो भारतीय गेंदबाज मैच अपने नाम कर सकते हैं।
