पंजाब सरकार ने एक ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी कदम उठाते हुए देश ही नहीं, बल्कि दुनिया में पहला राज्य बनने की ओर कदम बढ़ा लिया है, जो अपने सभी नागरिकों को मुफ्त में 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार ने यह योजना तैयार की है, जो राज्य के करीब 3 करोड़ लोगों के लिए वरदान साबित होगी।
क्या है यह योजना?
इस योजना के तहत पंजाब का हर परिवार, चाहे वह गरीब हो, मध्यमवर्गीय हो या सरकारी कर्मचारी – सभी को सालाना 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। इसके लिए कोई प्रीमियम नहीं देना होगा। बीमा का सारा खर्च पंजाब सरकार खुद उठाएगी। सरकार इस योजना के लिए हर व्यक्ति को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य कार्ड जारी करेगी।
इस कार्ड को दिखाकर व्यक्ति सरकारी और प्राइवेट दोनों अस्पतालों में इलाज करवा सकेगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि लोगों को महंगे इलाज के लिए कर्ज नहीं लेना पड़ेगा और निजी अस्पतालों की सुविधाएं भी अब आम जनता की पहुंच में होंगी।
कैसे मिलेगा लाभ?
इस योजना का लाभ उठाने के लिए सिर्फ आधार कार्ड और वोटर आईडी कार्ड की जरूरत होगी। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया बेहद आसान बनाई जा रही है, ताकि हर व्यक्ति योजना में शामिल हो सके।
किसे मिलेगा फायदा?
- सभी राज्यवासी (करीब 65 लाख परिवार)
- सरकारी कर्मचारी और रिटायर्ड कर्मचारी
- आशा और आंगनवाड़ी वर्कर
- सभी आय वर्ग के लोग – BPL, मिडिल क्लास और उच्च वर्ग
दूसरे राज्यों से क्यों है यह योजना अलग?
अन्य राज्यों जैसे गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान और उत्तरप्रदेश में स्वास्थ्य बीमा योजना केवल BPL परिवारों तक ही सीमित है और बीमा कवर भी 5 लाख रुपये तक ही है। वहीं हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की योजना भी कुछ खास श्रेणियों तक सीमित है।
लेकिन पंजाब सरकार की यह योजना पहली बार किसी राज्य में पूरी आबादी को मुफ्त इलाज की सुविधा देने जा रही है।
क्या होगा फायदा?
- इलाज के समय पैसे की टेंशन नहीं होगी।
- निजी अस्पतालों की सुविधाएं भी मुफ्त मिलेंगी।
- बीमा कंपनियों की शर्तों से मुक्ति मिलेगी।
- सरकार का भरोसेमंद और सीधा सहयोग मिलेगा।
पंजाब सरकार की यह योजना एक बड़ा सामाजिक सुधार है, जो स्वास्थ्य सेवाओं को आम जनता के लिए सुलभ और मुफ्त बनाएगी। यह पहल न केवल दूसरे राज्यों के लिए मिसाल बनेगी, बल्कि स्वास्थ्य को नागरिकों का अधिकार बनाने की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगी।
