पंजाब की सियासत में इस समय गरमाहट है। आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता मनजिंदर सिंह सिरसा के एक बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। सिरसा ने कथित तौर पर गैंगस्टरों के पक्ष में बयान दिया है, जिसे अमन अरोड़ा ने “शर्मनाक और निंदनीय” बताया है।
सैंजे वर्मा की हत्या पर सियासी घमासान
दरअसल, लुधियाना के कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा की हत्या के मामले में गैंगस्टरों का नाम सामने आया है। इसी मुद्दे पर सिरसा का एक बयान सामने आया, जिसमें उन्होंने गैंगस्टरों की पैरवी की। इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अमन अरोड़ा ने कहा, “जो लोग संजय वर्मा की हत्या में शामिल हैं, उनके समर्थन में सिरसा का बोलना साफ दिखाता है कि भाजपा अपराधियों को बचा रही है।“
अरोड़ा ने आगे कहा कि आज पूरा पंजाब संजय वर्मा के परिवार के साथ खड़ा है, लेकिन भाजपा और उसके नेता खतरनाक अपराधियों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
भाजपा से माफी की मांग
अमन अरोड़ा ने भाजपा की वरिष्ठ नेतृत्व से इस बयान के लिए माफी मांगने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान न केवल पीड़ित परिवार का अपमान हैं, बल्कि अपराधियों को बढ़ावा देने जैसा है।
प्रताप सिंह बाजवा पर भी साधा निशाना
सिर्फ मनजिंदर सिरसा ही नहीं, अमन अरोड़ा ने कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा को भी आड़े हाथों लिया। दरअसल, बाजवा ने एक वीडियो को लेकर शिकायत की है जिसमें कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई है।
इस पर अमन अरोड़ा ने व्यंग्य करते हुए कहा कि, “विपक्ष के कुछ नेता ‘जुबान रोग’ नाम की बीमारी से ग्रस्त हैं। वे पहले कुछ बोलते हैं, फिर जब खुद ही फंस जाते हैं, तो पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंच जाते हैं।“
उन्होंने साफ कहा कि अगर कांग्रेस नेताओं को 10 शिकायतें भी करनी हों, तो करें – क्योंकि जो उन्होंने जनता के सामने कहा है, वह सब रिकॉर्ड में है।
कांग्रेस से भी जवाब की मांग
अमन अरोड़ा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि, “अब समय आ गया है कि कांग्रेस यह स्पष्ट करे कि वह पंजाब में गैंगस्टरों के साथ खड़ी है या पीड़ित परिवारों के साथ।” उन्होंने कहा कि पंजाब में लगातार अपराधों को लेकर जो माहौल बन रहा है, उसमें हर राजनीतिक दल की जिम्मेदारी बनती है कि वह अपराधियों का साथ न दे।
पंजाब में हाल ही में हुई हत्या और गैंगस्टरों को लेकर दिए गए बयानों पर राजनीति तेज़ हो गई है। आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस – तीनों के बीच अब सीधा टकराव होता दिख रहा है। एक ओर जहां आप नेता अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्षी नेताओं के बयानों से विवाद और बढ़ता जा रहा है।
