अमृतसर स्थित पवित्र श्री हरिमंदिर साहिब (दरबार साहिब) को लगातार तीसरे दिन धमकी भरी ई-मेल मिलने से माहौल तनावपूर्ण हो गया है। इस मामले में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने बड़ा बयान दिया है और पंजाब सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं।
धामी ने अमृतसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि 14 जुलाई से अब तक कुल 5 धमकी भरी ई-मेल मिल चुकी हैं, जिनमें श्री दरबार साहिब को नुकसान पहुंचाने की बातें लिखी गई हैं। उन्होंने बताया कि पहली ई-मेल 14 जुलाई को SGPC की आधिकारिक आईडी पर आई थी, जिसमें हरिमंदिर साहिब को लेकर गंभीर बातें कही गई थीं। इसके तुरंत बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई और साइबर टीम को कहा गया कि ई-मेल भेजने वाले का पता लगाया जाए।
15 जुलाई को दूसरी ई-मेल आई, जिसमें केवल SGPC को ही नहीं बल्कि कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला को भी धमकाया गया। तीसरी ई-मेल आज (16 जुलाई) आई, जिसमें श्री दरबार साहिब को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धामी ने बताया कि पांचवीं ई-मेल में तो पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी धमकी दी गई है। ई-मेल में लिखा गया कि “बम आर.डी.एक्स पाइप में है”, जो चिंता का विषय है।
हरजिंदर सिंह धामी ने पंजाब सरकार से सवाल पूछा है कि अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई? उन्होंने कहा कि ये सिलसिला साजिश लग रहा है, जिससे संगत (श्रद्धालु) को डराया जाए और श्री दरबार साहिब की शांति को बिगाड़ा जाए। उन्होंने सरकार से मांग की कि तुरंत ई-मेल भेजने वाले का पता लगाकर कार्रवाई की जाए।
धामी ने कहा कि श्री दरबार साहिब आस्था का प्रतीक है, जहां लाखों लोग मानसिक शांति के लिए आते हैं। ऐसी धमकियों को हल्के में नहीं लिया जा सकता।
सुरक्षा के लिहाज़ से SGPC ने टास्क फोर्स तैनात कर दी है और BSF ने भी तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। दरबार साहिब परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और हर कोने पर निगरानी रखी जा रही है।
SGPC प्रमुख ने अंत में अपील की कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और सांसद गुरजीत सिंह औजला इस मामले की सच्चाई जनता के सामने लाएं और श्री दरबार साहिब की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
