पंजाब की फिजाओं में इन दिनों एक बेचैनी सी है। देश के सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों में से एक, श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) को उड़ाने की धमकी ने सभी को चौंका दिया है। 14 जुलाई से लेकर 17 जुलाई तक, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) को पांच अलग-अलग धमकी भरे ईमेल मिले हैं। इन ईमेल्स में सीधे-सीधे स्वर्ण मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
SGPC के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने जानकारी दी कि यह कोई सामान्य बात नहीं है। उन्होंने इसे गंभीर सुरक्षा चुनौती बताते हुए सरकार से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। धमकी देने वाले की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, जिससे चिंता और भी बढ़ गई है।
इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक के बाद एक्स (पूर्व ट्विटर) पर उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए लिखा,
“हम पंजाब की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होने देंगे। हमारी एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। सभी धार्मिक स्थल हमारे लिए पूजनीय हैं और उनकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहें। राष्ट्र-विरोधी ताकतों से पूरी सख्ती से निपटा जाएगा।”
सूत्रों के अनुसार, धमकी वाले ईमेल्स विदेश से भेजे गए हो सकते हैं। जांच एजेंसियां अब IP एड्रेस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ईमेल भेजने वालों की पहचान में जुटी हैं। यह जांच अब एनआईए और साइबर क्राइम विंग के हाथ में है।
क्या ये ईमेल किसी मानसिक रूप से असंतुलित व्यक्ति की करतूत है या फिर पंजाब में अशांति फैलाने की गहरी साजिश? यह आने वाला वक्त बताएगा। फिलहाल पंजाब सरकार और सुरक्षा एजेंसियां पूरी मुस्तैदी से हालात पर नजर रख रही हैं।
