भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। हालांकि सीरीज में टीम इंडिया पहले ही 1-2 से पीछे चल रही है, लेकिन इससे भी बड़ी चिंता की बात ये है कि मैनचेस्टर टेस्ट से पहले भारतीय टीम को तगड़ा झटका लगा है।
अर्शदीप सिंह चोटिल, मैनचेस्टर टेस्ट से बाहर
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए हैं और अब वे चौथे टेस्ट का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेट सेशन के दौरान अर्शदीप गेंदबाजी कर रहे थे, जब साइड से आए शॉट को रोकने की कोशिश में उनके हाथ पर गंभीर चोट लग गई। मेडिकल टीम ने तुरंत जांच की और उनके हाथ पर टांके लगाए गए। एक सूत्र ने बताया, “अर्शदीप के हाथ में गहरे कट आए हैं, जिसके चलते वह मैनचेस्टर टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। टीम देखेगी कि क्या वे पांचवें टेस्ट से पहले फिट हो पाते हैं या नहीं।”
गौरतलब है कि अर्शदीप को अभी तक इस सीरीज में एक भी टेस्ट खेलने का मौका नहीं मिला था, लेकिन टीम मैनेजमेंट उन्हें चौथे मैच में आजमाने की योजना में था।
आकाश दीप की भी फिटनेस पर संशय
अर्शदीप की गैरमौजूदगी के साथ ही तेज गेंदबाज आकाश दीप की भी फिटनेस चिंता का कारण बन गई है। आकाश दीप पीठ के दर्द से जूझ रहे हैं और मैनचेस्टर रवाना होने से पहले उन्होंने नेट सेशन में गेंदबाजी नहीं की। अगर वह भी अनुपलब्ध रहते हैं, तो भारतीय पेस अटैक कमजोर हो सकता है।
ऋषभ पंत की सर्जरी के बाद रिकवरी जारी
भारतीय टीम की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं। विकेटकीपर ऋषभ पंत पहले से ही चोटिल हैं। लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड की पारी के दौरान जसप्रीत बुमराह की गेंद को रोकने की कोशिश में पंत के बाएं हाथ की उंगली में गंभीर चोट लग गई थी। इसके बाद उन्होंने विकटकीपिंग भी नहीं की।
क्या टीम इंडिया वापसी कर पाएगी?
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में भारत ने अभी तक कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। ऐसे में चौथे मुकाबले से पहले लगातार चोटों की खबरें भारतीय खेमे के लिए सिरदर्द बन चुकी हैं। अब देखना होगा कि कप्तान और कोच किस संयोजन के साथ उतरते हैं और क्या टीम इंडिया सीरीज में वापसी कर पाएगी।
