अमृतसर में आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री हरिमंदिर साहिब की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी से खास बैठक की। यह मुलाकात केवल हरिमंदिर साहिब की सुरक्षा को लेकर केंद्रित रही।
बैठक के दौरान SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने साफ तौर पर कहा कि श्री हरिमंदिर साहिब एक पवित्र धार्मिक स्थल है और इसकी मर्यादा को बनाए रखना सबसे ज़रूरी है। उन्होंने पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती पर आपत्ति जताई और कहा कि ऐसा कदम मर्यादा के खिलाफ होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वहां की सुरक्षा को लेकर SGPC पहले से ही सतर्क है और धार्मिक अनुशासन का पूरा पालन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी आश्वासन दिया कि हरिमंदिर साहिब की पवित्रता को किसी भी हालत में ठेस नहीं पहुँचने दी जाएगी। उन्होंने यह भरोसा दिलाया कि अगर सुरक्षा को लेकर कोई ठोस सबूत या जानकारी सामने आती है, तो उसे SGPC के साथ साझा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस बैठक का उद्देश्य केवल सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करना था। इसमें शताब्दी समारोह या अन्य किसी विषय पर कोई चर्चा नहीं की गई। उन्होंने SGPC के साथ मिलकर हर तरह की शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
SGPC अध्यक्ष ने यह भी कहा कि उनकी समिति हमेशा हरिमंदिर साहिब की सुरक्षा को लेकर गंभीर है और किसी भी बाहरी दखल को उचित नहीं मानती। दोनों पक्षों ने मिलकर इस पवित्र स्थल की गरिमा को बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग से काम करने की सहमति जताई।
यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब सुरक्षा को लेकर कई चर्चाएं हो रही हैं। लेकिन सरकार और SGPC के इस सामंजस्य से यह संदेश गया है कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए ही किसी भी प्रकार की कार्यवाही की जाएगी।
